BJP and Congress workers clash against shirtless demonstration at AI Summit police erect barricades amid stone pelting भाजपा-कांग्रेस की 'AI वाली लड़ाई' खून खराबे पर आई, इंदौर में जमकर पथराव; कई जख्मी, Indore Hindi News - Hindustan
More

भाजपा-कांग्रेस की 'AI वाली लड़ाई' खून खराबे पर आई, इंदौर में जमकर पथराव; कई जख्मी

सड़क पर एक तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता हैं तो दूसरी तरफ बीजेपी के कार्यकर्ता हैं। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोका हुआ है।

Sat, 21 Feb 2026 04:12 PMMohit लाइव हिन्दुस्तान, इंदौर
share
भाजपा-कांग्रेस की 'AI वाली लड़ाई' खून खराबे पर आई, इंदौर में जमकर पथराव; कई जख्मी

दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं (भाजयुमो) ने इंदौर में शनिवार को जमकर प्रदर्शन किया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न प्रदर्शन का विरोध करने के लिए कांग्रेस दफ्तर की ओर कूच किया। इस दौरान कांग्रेस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं में पथराव भी हुआ। सड़क पर एक तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता हैं तो दूसरी तरफ बीजेपी के कार्यकर्ता हैं। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोका हुआ है। पुलिस ने इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया।

दोनों एक दूसरे पर पहले पथराव का आरोप लगा रहे हैं वहीं दो पत्रकार समेत कई लोग जख्मी हुए हैं। मौके पर भारी पुलिसबल तैनात है और स्थिति को नियंत्रण में लेने के प्रयास जारी हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेताओं को जब इसकी सूचना मिली की भाजयुमो कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने आ रहे हैं तो कांग्रेस नेताओं ने भी पूरी तैयारी कर ली थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्षदों आदि को अनिवार्य रूप से कार्यालय पहुंचने के लिए कह दिया गया था।

अचानक ही कुछ अफवाहें फैली?

डीसीपी कृष्णा लालचंदानी ने बताया है कि 'घटना में दो पार्टी शामिल हैं। एक पार्टी कांग्रेस दफ्तर के पास विरोध प्रदर्शन कर रही थी। पुलिस ने प्रदर्शन वाली जगह पर बैरेकेडिंग की हुई थी और साथ ही सुरक्षा से जुड़ी अन्य व्यवस्था भी की गई थीं। लेकिन अचानक ही कुछ अफवाहें फैली और पत्थर फेंके गए। फिर दूसरी तरफ से भी पत्थर फेंके गए। कुछ लोग घायल हो गए अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि पहले पत्थर किसने फेंका।'

चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका

आपको बता दें कि भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को 'एआई इंफैक्ट समिट' के एक प्रदर्शनी हॉल में पहुंचकर अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के विरोध में प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए थे। इस विरोध-प्रदर्शन के सिलसिले में भारतीय युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पटियाला कोर्ट में पेशी हुई जिसके बाद आरोपियों को पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ब्रिटेन के AI मंत्री कनिष्क मुजफ्फरपुर के लाल, 23 साल बाद घर खींच लाई यादें
ये भी पढ़ें:AI समिट में कैसे घुसे, ‘ठंड’ से चकमा दे गए यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता
ये भी पढ़ें:गुस्से और हवस में पागल हुए पीयूष ने गर्लफ्रेंड का जो हाल किया वह देख रो पड़ीं SI

बीजेपी ने राहुल को ठहराया जिम्मेदार

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में किए गए विरोध प्रदर्शन को बीजेपी ने 'देशद्रोह' बताया और आरोप लगाया कि 'लश्कर-ए-राहुल के सिपाहियों' ने देश की छवि खराब करने की कोशिश की है।

सीएम मोहन यादव ने क्या कहा?

एआई इम्पैक्ट समिट में हुए शर्टलेस प्रदर्शन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि 'भारत आज हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है। जब वैश्विक स्तर पर इतना बड़ा आयोजन हो रहा हो, तब ऐसे विरोध प्रदर्शन करके राहुल गांधी ने अपने दिमागी दिवालियापन का प्रमाण दिया है। इसके लिए कांग्रेस, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को माफी मांगनी चाहिए।'

रिपोर्ट- हेमंत

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।