इंदौर में दूषित पानी से 20 नए बीमार मिले, 142 अब भी भर्ती, 11 का ICU में इलाज
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से फैले प्रकोप की रोकथाम में जुटे स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को 9,000 से ज्यादा लोगों की जांच की। इसमें 20 नए बीमार मिले। प्रकोप के कारण अब भी विभिन्न अस्पतालों में 142 मरीजों का इलाज चल रहा है।

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप की रोकथाम में जुटे स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को 9,000 से ज्यादा लोगों की जांच की। इस जांच में स्वास्थ्य विभाग को उल्टी-दस्त के 20 नए बीमार मिले। इस प्रकोप के कारण अब तक 398 मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा जिनमें 256 को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गई है। अब भी विभिन्न अस्पतालों में 142 मरीजों का इलाज चल रहा है। 11 लोग आईसीयू में हैं। प्रशासन ने अब तक 6 मौतों की पुष्टि की है। वहीं स्थानीय लोग 16 मौतों का दावा कर रहे हैं।
20 नये मरीज मिले
अधिकारियों ने बताया कि इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में जारी सर्वेक्षण के दौरान 2,354 घरों के 9,416 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें उल्टी-दस्त के 20 नये मरीज मिले। भागीरथपुरा में उल्टी-दस्त के प्रकोप के बाद अब तक अस्पतालों में कुल 398 मरीजों को भर्ती किया गया जिनमें से 256 लोगों को स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई है। अभी भी 142 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें 11 लोग आईसीयू में हैं।
राष्ट्रीय जीवाणु संक्रमण अनुसंधान संस्थान की टीम पहुंची
वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि इंदौर में फैले प्रकोप की जांच के लिए कोलकाता से विशेषज्ञों की एक टीम बुलाई गई है। यह टीम राष्ट्रीय जीवाणु संक्रमण अनुसंधान संस्थान (NIRBI) की है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद यानी आईसीएमआर से जुड़े एनआईआरबीआई के विशेषज्ञ प्रकोप की रोकथाम में स्वास्थ्य विभाग की मदद कर रहे हैं।
त्रासदी को भ्रष्टाचार और लापरवाही का नतीजा
इस बीच जल पुरुष नाम से चर्चित राजेंद्र सिंह ने इंदौर त्रासदी को भ्रष्टाचार और सिस्टम की लापरवाही का नतीजा बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार पैसे बचाने के लिए पीने के पानी की पाइपलाइन को गंदे नाले की पाइपलाइन के पास बिछा देते हैं जिससे यह बड़ी घटना हुई। उन्होंने सवाल किया कि यदि देश के सबसे साफ शहर में ऐसी त्रासदी हो सकती है तो दूसरे शहरों में पेयजल आपूर्ति किस हाल में होगी। अनुमान लगाया जा सकता है।




साइन इन