इंदौर का हैवान डॉक्टर, नशे के इंजेक्शन लगा महिला की अश्लील तस्वीरें खींची; फॉर्म हाउस ले जाकर रेप
इंदौर में डॉक्टर की हैवानियत का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि डॉक्टर गुलजार खान ने इलाज के दौरान उसे नशे के इंजेक्शन लगा अश्लील तस्वीरें खींची। फिर ब्लैकमेल कर फॉर्म हाउस बुलाया और वहां रेप किया।

इंदौर के समीप महू तहसील के बदगोंदा थाना क्षेत्र में एक डॉक्टर ने इंसानियत को शर्मसार करते हुए महिला मरीज के साथ हैवानियत की। इलाज के नाम पर महिला की अश्लील तस्वीरें खींची और फिर ब्लैकमेल करते हुए अपने फॉर्म हाउस ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी डॉ. सईद गुलजार खान को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी गुस्सा है। उन्होंने आरोपी के घर और क्लिीनिक में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी।
इलाज के बीच बेहोश कर अश्लील तस्वीरें खींची
पीड़िता के अनुसार, वह गुर्जरखेड़ा के होली चौक स्थित आरोपी के क्लिनिक पर इलाज के लिए गई थी। आरोप है कि इसी दौरान डॉक्टर ने उसे नशीला इंजेक्शन दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इस स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए। इसके बाद से आरोपी लगातार इन तस्वीरों के जरिए महिला को ब्लैकमेल करता रहा और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता रहा।
फॉर्म हाउस बुलाकर रेप
मामले ने रविवार को और गंभीर रूप ले लिया, जब आरोपी ने पीड़िता को बेलामोर स्थित एक फार्म हाउस पर बुलाया। वहां पहले से योजना बनाकर उसने महिला के साथ दोबारा दुष्कर्म किया। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर बाहर आई पीड़िता को रास्ते में कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मिले, जिन्हें उसने अपनी पूरी आपबीती सुनाई।
पीड़िता ने हिंदू संगठनों को सुनाई आपबीती
घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसे बदगोंदा थाने ले पहुंचे। इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
आरोपी के घर-क्लिनिक में आग लगाई
थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आम्बाचन्दन स्थित आरोपी के घर पर धावा बोल दिया और जमकर तोड़फोड़ की। घर का सामान बाहर निकालकर आग के हवाले कर दिया गया। वहीं गुर्जरखेड़ा स्थित आरोपी के क्लिनिक और मेडिकल स्टोर पर भी भीड़ इकट्ठा हो गई, जहां लोगों ने पथराव कर बोर्ड उखाड़ दिया और हंगामा किया। इलाके में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
रिपोर्ट-हेमंत




साइन इन