gwalior viral video woman passenger assaulted by bus conductor मरोड़ी बांह और जमीन पर फेंका; ग्वालियर में महिला से बस कंडक्टर की बदसलूकी- VIDEO, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

मरोड़ी बांह और जमीन पर फेंका; ग्वालियर में महिला से बस कंडक्टर की बदसलूकी- VIDEO

ग्वालियर में एक बस कंडक्टर ने महिला यात्री को सुनसान जगह पर सड़क पर उतार दिया और उसकी बांह मरोड़ते हुए सड़क पर फेंक दिया। पास ही खड़ा मासूम रोते हुए मां को छोड़ने की गुहार लगाता रहा। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।

Tue, 20 Jan 2026 07:32 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, ग्वालियर
share
मरोड़ी बांह और जमीन पर फेंका; ग्वालियर में महिला से बस कंडक्टर की बदसलूकी- VIDEO

ग्वालियर में एक बस कंडक्टर द्वारा महिला यात्री के साथ मारपीट और बदसलूकी का शर्मनाक घटना सामने आई है। अधिक किराया वसूलने का विरोध करने पर आरोपी बस कंडक्टर ने महिला की बांह मरोड़कर उसे सुनसान सड़क पर फेंक दिया। इस दौरान महिला का छोटा बच्चा पास खड़ा होकर रोते हुए अपनी मां को छोड़ने की गुहार लगाता रहा लेकिन कंडक्टर को दया नहीं आई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लेकर बस और फरार कंडक्टर की तलाश शुरू कर दी है।

रोता रहा मासूम, गालियां देता रहा आरोपी

घटना भितरवार थाना क्षेत्र के सुनारी गांव की है। मौके पर मौजूद एक युवक ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया जिसमें बस खड़ी दिखाई दे रही है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कंडक्टर एक महिला के साथ बदतमीजी कर रहा है। वह आगबबूला होकर महिला की बांह मरोड़ता है और जमीन पर गिरा देता है। आरोपी उसे लगातार गालियां दे रहा है। पास खड़ा करीब 9 साल का बच्चा रोते हुए अपनी मां को छोड़ने की विनती कर रहा है।

ओवर लोड बस, छत पर भी बैठे थे लोग

घटना के दौरान बस के अन्य यात्री तमाशा देखते रहे। किसी ने भी महिला को बचाने की कोशिश नहीं की। जिस बस में यह घटना हुई वह ओवर लोड नजर आ रही है। वायरल वीडियो में बस की छत पर भी लोग बैठे नजर आ रहे हैं। मारपीट का यह वीडियो पुलिस के पास पहुंच गया है। भितरवार थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह ने बताया कि अभी तक किसी ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इस बार 26 जनवरी पर हाईटेक इंतजाम; AI, कार-कॉलिंग से कर्तव्य पथ का सफर होगा आसान
ये भी पढ़ें:दिल्ली: दोस्त के साथ 6 महीने से ट्यूटर कर रहा था गंदा काम; किशोर ने मारा चाकू
ये भी पढ़ें:भोजशाला में बसंत पंचमी पर तैयारी; हिंदू-मुस्लिम पक्ष से बात, किसने क्या कहा?

आरोपी कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज

भितरवार थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि विवेचना जारी है।वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों का कहना है कि आरोपी कंडक्टर ने महिला के साथ बदसलूकी की।

लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।