election commission published final electoral roll for madhya pradesh after sir exercise एमपी की अंतिम वोटर लिस्ट जारी, 34 लाख से अधिक नाम हटाए गए, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
More

एमपी की अंतिम वोटर लिस्ट जारी, 34 लाख से अधिक नाम हटाए गए

निर्वाचन आयोग ने एमपी की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है जिसमें कुल 5.39 करोड़ मतदाता शामिल हैं। 1 जनवरी 2026 की पात्रता के आधार पर बनी इस सूची से 34 लाख से अधिक नाम हटाए गए हैं। यह जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Sun, 22 Feb 2026 12:08 AMKrishna Bihari Singh भाषा, भोपाल
share
एमपी की अंतिम वोटर लिस्ट जारी, 34 लाख से अधिक नाम हटाए गए

निर्वाचन आयोग ने शनिवार को एमपी की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। इस सूची में 5.39 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल हैं जबकि 34 लाख से अधिक नाम हटा दिए गए हैं। यह सूची 1 जनवरी 2026 की पात्रता तिथि के आधार पर बनाई गई है। पहले राज्य में 5.74 करोड़ से अधिक मतदाता थे जो अब घटकर 5.39 करोड़ रह गए हैं। मतदाता अपनी जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर देख सकते हैं।

34 लाख से अधिक नाम हटाए गए

मध्य प्रदेश की मतदाता सूची से 34 लाख से अधिक नाम हटाए गए हैं। अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, मध्य प्रदेश में अब कुल 5,39,81,065 मतदाता हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर में सुधार प्रक्रिया शुरू होने से पहले प्रदेश में मतदाताओं की संख्या 5,74,06,143 थी। प्रारूप सूची के बाद यह संख्या 5,31,31,983 रही, जबकि अंतिम मतदाता सूची में 5,39,81,065 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं।

पूरी लिस्ट वेबसाइट पर उपलब्ध

निर्वाचन आयोग ने बताया कि मतदाता के नहीं मिलने और मृत्यु, स्थानांतरण और दोहराव जैसे कारणों से 34,25,078 नाम हटाए गए हैं। यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है, यहां से मतदाता जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रत्येक जिले में अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां नियमानुसार मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी उपलब्ध करा दी गई हैं।

2,60,75,186 महिलाएं शामिल

अधिकारियों के अनुसार अंतिम मतदाता सूची में 2,79,04,975 पुरुष, 2,60,75,186 महिलाएं और 904 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार झा ने बताया कि आयोग ने अद्यतन सूची में नाम जांचने के लिए वेबसाइट लिंक भी साझा किया है।

छत्तीसगढ़ में 25 लाख लोगों के नाम हटाए गए

छत्तीसगढ़ में शनिवार को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई। एसआईआर के तहत 24,99,823 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। संशोधित सूची के मुताबिक, अब प्रदेश में कुल 1,87,30,914 पंजीकृत मतदाता हैं। जिला-वार आंकड़ों में सबसे अधिक 4,98,556 नाम रायपुर जिले से हटाए गए हैं। सबसे कम 9,843 नाम खैरागढ़ जिले से हटाए गए हैं। एसएसआर की शुरुआत से पहले छत्तीसगढ़ में कुल मतदाताओं की संख्या दो करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 थी।

राजस्थान में 5.15 करोड़ से अधिक मतदाता

राजस्थान की मतदाता सूची में 199 विधानसभा क्षेत्रों में 2.08 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ 5.15 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन के अनुसार, राज्य में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में कुल मतदाताओं की संख्या पांच करोड़ 15 लाख 19 हजार 929 हैं। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अंतिम प्रकाशन में 10 लाख 48 हजार 605 मतदाताओं की वृद्धि हुई हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भोपाल में कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़; पुलिस का ऐक्शन 7 BJP कार्यकर्ताओं पर केस
ये भी पढ़ें:दिल्ली-NCR में इंडस्ट्रियल पलूशन पर सख्ती; CAQM ने तय की उत्सर्जन की लिमिट
ये भी पढ़ें:JPSC अभ्यर्थियों के लिए सीएम हेमंत सोरेन की सौगात; उम्र सीमा में छूट का ऐलान
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।