केयरटेकर ही निकला लुटेरा, इंदौर में पूरे घर को बेहोश कर लूट लिए 25 लाख के गहने
इंदौर में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के गुमाश्ता नगर में 75 वर्षीय बुजुर्ग की देखभाल के लिए रखा गया केयरटेकर ही शातिर लुटेरा निकला।

इंदौर में बुजुर्गों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करने वाली एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के गुमाश्ता नगर में 75 वर्षीय बुजुर्ग की देखभाल के लिए रखा गया केयरटेकर ही शातिर लुटेरा निकला। आरोपी ने पहले भरोसा जीता, फिर नशीला पदार्थ पिलाकर पूरे घर को बेहोश किया और करीब 25 लाख रुपए के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया।
जूस में घोली बेहोशी, फिर दिया वारदात को अंजाम
फरियादी आभास रमेश मूंगड़ के अनुसार उनके दादा ओमप्रकाश मूंगड़ लंबे समय से बीमार हैं और बेड रेस्ट पर हैं। उनकी देखभाल के लिए हाल ही में केयरटेकर रखा गया था। रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे आरोपी यश ने जूस में नशीली गोलियां मिलाकर ओमप्रकाश और घर के नौकर दिलीप सिंह को पिला दी। जैसे ही दोनों बेहोश हुए, आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और 200 ग्राम वजनी सोने का ब्रेसलेट और चेन लेकर फरार हो गया।
दो घंटे बाद खुला राज, घर में मचा हड़कंप
करीब दो घंटे बाद जब दोनों को होश आया, तब इस बड़ी लूट का खुलासा हुआ। घर में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आधार कार्ड और मोबाइल भी फर्जी, पहचान में जुटी पुलिस
घटना के बाद आरोपी अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया। घर से एक आधार कार्ड मिला, जिसमें उसका नाम यश पुत्र विवेक बंसल निवासी फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) लिखा है, लेकिन जांच में यह भी सामने आया कि आधार और मोबाइल सिम दोनों फर्जी हैं। इससे साफ है कि आरोपी पहले से ही पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने आया था।
जस्ट डायल से बुलाया, एजेंसी पर भी सवाल
परिजनों ने बताया कि पुराने केयरटेकर के छुट्टी पर जाने के बाद उन्होंने जस्ट डायल के जरिए ज्योति हेल्थ केयर एजेंसी से संपर्क किया था। एजेंसी संचालक उमरासिंह ने गोविंद पाटीदार के माध्यम से आरोपी यश को 10 दिन के लिए भेजा था। अब एजेंसी की भूमिका भी संदेह के घेरे में है, क्योंकि घटना के बाद से संचालक का फोन भी बंद है।
पहले की रैकी, फिर बनाई लूट की योजना
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने एक दिन पहले ही घर की पूरी रेकी कर ली थी। उसने बीमारी का बहाना बनाकर जल्दी निकलने का नाटक किया और अगले दिन सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पहले बाहर जाकर नशीला पदार्थ लाया, फिर जूस में मिलाकर सबको बेहोश किया और आराम से गहने लेकर भाग निकला।
CCTV में कैद हुआ फरार आरोपी
फरियादी ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे हैं, जिसमें आरोपी स्कीम-71 रिंग रोड की ओर भागता नजर आ रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है, वहीं एक अन्य संदिग्ध की लोकेशन भी लगातार बदल रही है।
रिपोर्ट --हेमंत




साइन इन