MP में धार्मिक स्थल से चोरी हुआ 6 महीने का बच्चा, पुलिस ने चंद घंटों बाद फिल्मी अंदाज में 400 km दूर से किया बरामद
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद रतलाम पुलिस शनिवार को आरोपियों, बच्चे और उसके माता-पिता को लेकर शिवपुरी से जावरा रवाना हो गई। पुलिस का कहना है कि वह इस वारदात में किसी बड़े गैंग के सक्रिय होने को लेकर भी जांच कर रही है।

मध्य प्रदेश के जावरा शहर की प्रसिद्ध हुसैन टेकरी से हाल ही में 6 महीने का एक बच्चा चोरी हो गया, लेकिन पुलिस विभाग की तरफ से की गई त्वरित कार्रवाई से कुछ ही घंटों बाद उस बच्चे को शिवपुरी में एक बस से फिल्मी अंदाज में बरामद कर लिया गया। रतलाम पुलिस से मिली सूचना पर शिवपुरी पुलिस ने पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां डेढ़ घंटे की मशक्कत और दर्जनों वाहनों की तलाशी के बाद दिल्ली जा रही कमला बस से मासूम को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इस दौरान बच्चे को चुराकर ले जा रहे एक महिला और एक पुरुष को हिरासत में लिया गया, आरोपी राजस्थान के झालावाड़ जिले के रहने वाले हैं, उनके साथ एक 13 साल का बच्चा भी मिला है।
शिवपुरी पुलिस की तारीफ इसलिए भी हो रही है कि उसने यह बरामदगी ऐसे हालात में की, जब उसके पास इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि आरोपी महिला-पुरुष किस वाहन में सवार हैं। रतलाम पुलिस ने सिर्फ कुछ संदिग्धों के फोटो और लोकेशन भेजी थी। लेकिन इसके बाद भी करीब डेढ़ घंटे तक चली चेकिंग के दौरान पुलिस ने 15 कारों और 8-10 यात्री बसों की तलाशी लेते हुए आरोपियों को धर दबोचा। इस दौरान कुछ देर हाईवे पर जाम भी लग गया। आखिरकार इंदौर से दिल्ली जा रही कमला बस में एक महिला, एक पुरुष, 13 वर्षीय किशोर और उनके साथ अगवा हुआ बच्चा मिल गया।
सागर से जावरा टेकरी पहुंचे थे बच्चे के माता-पिता
अगवा हुए मासूम बच्चे की पहचान अयान खान के रूप में हुई है, जो कि सागर जिले का रहने वाला है। उसके पिता साहिल खान ने बताया कि वे अपनी पत्नी शाहीन और बेटे के साथ करीब 10 दिन पहले जावरा स्थित हुसैन टेकरी पर दीदार के लिए आए थे। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे जब परिवार वहां सो रहा था, तभी एक अज्ञात महिला सोते हुए अयान को उठा ले गई।
बच्चा गायब होने के करीब 10 मिनट बाद परिवार को बच्चे के गायब होने का पता चला, जिसके बाद उन्होंने डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भी तुरंत आसपास के जिलों की पुलिस को अपहृत बच्चे के साथ साथ संदिग्धों की तस्वीरें भेजते हुए नाकों पर वाहनों की तलाशी लेने को कहा।
राजस्थान के झालावाड़ जिले के रहने वाले हैं आरोपी महिला-पुरुष
गिरफ्त में आने के बाद शुरुआती पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना नाम रूपा रैगर और पुरुष ने निजाम मंसूरी बताया। दोनों राजस्थान के झालावाड़ के रहने वाले हैं और एक-दूसरे को मुंहबोला भाई-बहन बता रहे हैं। उनके साथ निजाम का 13 साल का बेटा भी मिला। रूपा ने पूछताछ में बताया कि उसकी कोई संतान नहीं है, इसलिए उसने बच्चे का अपहरण किया।
रतलाम, उज्जैन होते हुए इंदौर पहुंचे थे आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपी जावरा से रतलाम, फिर उज्जैन होते हुए इंदौर पहुंचे थे और वहां से दिल्ली जाने वाली बस में सवार हुए थे। बच्चे के रेस्क्यू की सूचना मिलते ही अयान के माता-पिता शिवपुरी पहुंच गए। मामला जावरा का होने के कारण शिवपुरी पुलिस ने बच्चे और आरोपियों को रतलाम पुलिस के हवाले कर दिया है। शनिवार को रतलाम पुलिस आरोपियों, बच्चे और उसके माता-पिता को लेकर रवाना हो गई। अब पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि बच्चे को राजस्थान या दिल्ली ले जाने के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।




साइन इन