भारत के इस राज्य में है अंगूरों का शहर, घूमने की जगहों के लिए भी है फेमस
भारत में एक शहर ऐसा भी है, जिसे अंगूरों का शहर कहा जाता है। यहां पर अंगूरों की जबरदस्त खेती होती है और कई वाइनरी भी बनी हुई हैं। यहां से विदेशों तक अंगूरों को सप्लाई किया जाता है और यहां की वाइन भी काफी फेमस है।

भारत के अलग-अलग राज्यों की खूबसूरती और जगहों को देखने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं। कई राज्यों में ऐसे शहर हैं, जो अपनी खेती, सुंदरता या किसी पौराणिक मंदिर की वजह से मशहूर हैं। ऐसा ही एक शहर है, जिसे अंगूरों की राजधानी कहा जाता है। इस शहर में अंगूर के गुच्छे दूर से ही लटकते हुए दिखेंगे। यहां अंगूर की ऐसी खेती होती है कि हर सीजन में आपको ये फल सस्ता मिलेगा। बल्कि इस शहर से अंगूर अन्य जगहों पर पहुंचाया जाता है और अब इसे ग्रेप सिटी या अंगूरों की राजधानी के नाम से जाना जाता है। चलिए बताते हैं इस जगह के बारे में पूरी डिटेल्स-
कौन सा शहर है-
अंगूरों की राजधानी महाराष्ट्र के नासिक शहर को कहा जाता है। जी हां, नासिक में अंगूरों की तगड़ी खेती होती है और यहां आपको अंगूर मीठे और स्वादिष्ट खाने को मिलेंगे। नासिक शहर अंगूर उत्पादन का प्रमुख केंद्र है, जहां से सभी जगहों पर अंगूर पहुंचाए जाते हैं। इसके बाद इन अंगूरों को बेचा जाता है और कुछ से किशमिश और वाइन तैयार की जाती है।
क्यों है बड़ा उत्पादक क्षेत्र
नासिक में लगभग 1.75 लाख हेक्टेयर भूमि पर अंगूर की खेती होती है, जो इसे भारत का सबसे बड़ा अंगूर उत्पादन क्षेत्र बनाती है। यहां से सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि नीदरलैंड, जर्मनी, यूके और रूस तक अंगूरों को भेजा जाता है। नासिक पश्चिमी घाट की ऊंचाई पर स्थित है, यहां का मौसम और मिट्टी दोनों ही अंगूर की खेती के लिए बढ़िया है।
वाइनरी भी हैं
अगर आप नासिक जाएं, तो वहां की वाइनरी भी घूमने जाएं। नासिक में करीब 50 से ज्यादा वाइनरी बनी हुई हैं, जो वाइन बनाती हैं। इन वाइन का स्वाद भी बढ़िया होता है। यही वजह है कि नासिक को वाइन कैपिटल भी कहते हैं। नासिक में Thompson Seedless, Sharad Seedless, Flame Seedless प्रजाति के अंगूर उगाए जाते हैं और उनकी ही वाइन बनती है।
कहां-कहां घूमें
नासिक घूमने का प्लान है तो अंगूर की खेती और वाइनरी के अलावा आप हरिहर किला घूम सकते हैं। यहां पर ट्रेकिंग का फुल मजा मिलेगा। फिर आप रामकुंड देखने जाएं, जो गोदावरी नदी के किनारे स्थित है। यहां की सुंदरता और शांति मन को सुकून देगी। नासिक में पांडवलेणी गुफाएं भी मौजूद हैं, जिसकी नक्काशी बेहद खूबसूरत है। इसके अलावा सोमेश्वर जलप्रपात भी घूम सकते हैं, जिसके पास बालाजी का मंदिर भी बना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन