यूपी के हरदोई में होली से पहले लगता है नुमाइश मेला, यहां हर मिलेगी फ्री एंट्री और देख सकते हैं रामलीला
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पास बसा है हरदोई शहर। जो अपनी खूबसूरती और इतिहास के लिए जाना जाता है। हरदोई में हर साल नुमाइश मेला भी लगता है, जो होली तक चलता है। चलिए इसके बारे में पूरी जानकारी देते हैं।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से 2 घंटे की दूरी पर बसा है हरदोई शहर। हरदोई शहर के बारे में शायद ही आपने सुना हो या आप जानते हो लेकिन यहां से होली का पुराना इतिहास जुड़ा हुआ है। जी हां, होलिका के जलने पर ही होली का त्योहार मनाया जाता है और राक्षस हिरण्याकष्यप की बहन और प्रहलाद की बुआ होलिका को हरदोई में ही जलाया गया था। इसके बाद से ही लोग होली का त्योहार मनाने लगे। हरदोई में आज भी प्रहलाद कुंड, हिरण्याकष्यप मृत्यु भूमि मौजूद है और यहां का पुराना इतिहास लोग देखने जाते हैं। हरदोई सिर्फ इस वजह से ही मशहूर नहीं है बल्कि यहां पर हर साल लगने वाले नुमाइश मेले की वजह से भी फेमस है। इस शहर में हर साल होली से पहले नुमाइश मेला लगता है, जिसमें आपको रामलीला भी देखने को मिलेगी। इसे देखने लोग दूर से आते हैं, चलिए आपको इसके बारे में बताते हैं।
क्या है नुमाइश मेला
हरदोई में स्थित नुमाइश चौराहे के पास मौजूद बड़े मैदान में मेला लगाया जाता है, जिसे नुमाइश का नाम दिया गया है। ये मेला हर साल जनवरी के आखिरी हफ्ते से शुरू होकर होली तक लगा रहता है। मेले की शुरुआत रामलीला से होती है। कुछ लोकल एक्टर्स रामायण के किरदार बनकर रामलीला करते हैं और आखिर में राम जी की झांकी पूरे शहर में निकाली जाती है। बस फिर जोर-शोर से मेले की शुरुआत हो जाती है।
झूले का मजा
नुमाइश मेले में रामलीला के अलावा आपको हर तरह के छोटे-बड़े झूले मिलेंगे। बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए हर तरह के झूले यहां पर आप झूल सकते हैं। झूले का दाम भी ज्यादा नहीं होता, कम पैसे में ज्यादा आनंद ले सकते हैं।
मौत का कुंआ
नुमाइश मेले में मौत का कुआं भी आता है, जिसमें कुएं के अंदर कार-बाइक की रेस देखने को मिलेगी। इसके लिए आपको 100 रुपये प्रति व्यक्ति का टिकट लेना पड़ेगा। इसे देखना थोड़ा डरावना होता है।
हर माल में सामान
नुमाइश मेले की खासियत ये भी है कि यहां पर ज्यादातर दुकानों में हर माल वाला सामान मिलता है। जैसे 5, 10, 20, 50, 60, 100 रुपये तक फिक्स दाम में कोई भी सामान खरीद सकते हैं। इसके अलावा भी दुकानें होती हैं, जो हर माल में नहीं ऐसे ही मिलेंगी। यहां पर फोटो भी क्लिक करा सकते हैं।
सॉफ्टी आइसक्रीम का मजा
हरदोई के नुमाइश मेले की सॉफ्टी आइस्क्रीम भी काफी टेस्टी होती है। इसे आप अगर एक बार खा लेंगे, तो बार-बार खाने जाएंगे। सॉफ्टी 10-20 रुपये में मिल जाती है। इसमें चॉकलेट-वनिला फ्लेवर मिलता है। अगर आप वहां जाएं, तो इसका स्वाद जरूर लें।
कैसे जाएं
हरदोई जाने के लिए आपको दिल्ली-लखनऊ से सीधी ट्रेन-बस मिल सकती हैं। दिल्ली से हरदोई जाने में 6-7 घंटे लगेंगे और लखनऊ से सिर्फ 2-3 घंटे का सफर का है। जाने-आने में ज्यादा किराया नहीं लगेगा, अगर वहां ठहरना हो तो कम दाम में होटल भी मिल जाएंगे। लोकल घूमने के लिए ई-रिक्शा चलते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन