Surajkund Mela 2026: 31 जनवरी से लगेगा सूरजकुंड मेला, इस साल क्या है थीम और कितना होगा किराया? जानें पूरी डिटेल्स
39th Surajkund International Crafts Mela 2026: फरीदाबाद के सूरजकुंड में अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला लगने वाला है। चलिए मेले से जुड़ी आपको पूरी डिटेल्स बताते हैं।

Surajkund Mela 2026: सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले का इंतजार इस साल भी लोग बेसब्री से कर रहे हैं। साल 2026 में 39वां सूरजकुंड मेला आयोजित किया जाएगा और इस बार मेले में कई चीजें नई होने वाली हैं। इस साल थीम भी अलग चुनी गई है और संस्कृति, खानपान और सुविधाओं को भी पहले से बेहतर करने पर जोर दिया गया है। मेले में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हो, इसके लिए रूट भी क्लियर रखे जाएंगे। चलिए आपको मेले से जुड़ी पूरी डिटेल्स बताते हैं, ये कब से लगेगा और इस साल क्या खास होने वाला है?
कब से कब तक चलेगा मेला?
सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला फरीदाबाद के सूरजकुंड में 31 जनवरी से शुरू होगा और 15 फरवरी तक चलेगा। ये मेला सुबह 10 बजे से शाम 8 बजे तक चलेगा और यहां पर बच्चों के लिए काफी चीजें रखी गई हैं, जिससे उन्हें बोरियत ना हो। बच्चों के लिए छोटे-बड़े झूले, खिलौने का स्टॉल भी लगाया जाएगा।
क्या है थीम
2026 के सूरजकुंड मेले में मेघालय और उत्तर प्रदेश को थीम स्टेट बनाया गया है और मिस्र (Egypt) पार्टनर कंट्री बताया जा रहा है। इस मेले में आपको मेघालय और उत्तर प्रदेश के हस्तशिल्प चीजें, संस्कृति, खाने की फेमस चीजें मिलेंगी। दोनों थीम स्टेट के लिए चार-चार खास फूड स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां पर आप उनके राज्य का पारंपरिक स्वाद चख सकते हैं।

फूड लवर्स के लिए बेस्ट
मेघालय-उत्तर प्रदेश थीम के अलावा यहां पर आपको असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुर, नागालैंड के खाने का स्वाद भी मिलेगा और उनके क्राफ्ट भी देख सकेंगे। सभी राज्यों के लोग इस मेले में अपना स्टॉल लगाने के लिए आ रहे हैं। फूड लवर्स को यहां काफी कुछ नया और स्वादिष्ट खाने को मिलेगा। मेले में 100 से ज्यादा फूड स्टॉल लगाने की तैयारी हो रही है।
टिकट प्राइस
सूरजकुंड मेला जाने के लिए आपको टिकट भी लेना पड़ेगा। आम दिनों में बड़े लोगों के लिए 120 से 150 रुपये तक में टिकट मिलेगा और वीकेंड पर 150 से 200 के बीच टिकट प्राइस रहेगा। 5 साल से कम के बच्चों का टिकट फ्री होगा और उससे ऊपर के बच्चों का टिकट 60 से 100 रुपये के बीच लगेगा। बच्चों को झूला झुलाने के लिए टिकट अंदर अलग से लेना पड़ेगा।
सम्मेलन व फैशन शो
सूरजकुंड मेले में चार चांद लगाने के लिए बॉलीवुड के मशहूर गायक आ सकते हैं। इसके अलावा यहां पर आपको मुख्य चौपाल और छोटी चौपाल पर हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम, गजल संध्या, फैशन शो, कवि और हास्य सम्मेलन का मजा भी मिलेगा।
कैसे पहुंचे
सूरजकुंड मेले से नजदीकी मेट्रो स्टेशन बदरपुर है। आप किसी रूट की मेट्रो से बदरपुर पहुंचें और फिर वहां से ऑटो कर मेले में पहुंच सकते हैं। इसके अलावा बल्लभगढ़ से बसों को भी चलाया जा रहा है। 31 जनवरी से सुबह 7 बजे से बल्लभगढ़ से हर आधे घंटे में बस निकलेगी, जो मेले तक जाएगी। आप बस से पहुंच सकते हैं, इसका किराया 25 रुपये होगा। एयरपोर्ट से आ रहे हैं, तो वह लोग कैब बुक कर आ सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन