50 पार करने से पहले घूम आइये भारत की 5 सुंदर जगहें, यहां मिलेगा फुल एडवेंचर और सीखेंगे जीने की असली कला
50 की उम्र बीतने के बाद आपकी हड्डियां जवाब दे सकती हैं और चलना-फिरना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में घूमने का प्लान नहीं बनेगा। इस उम्र के गुजरने से पहले ही भारत की 5 जगहों पर जाने का प्लान बनाएं। इनकी खूबसूरती देखकर आपके सोचने का नजरिया बदल जाएगा।

कहते हैं मरने से पहले आपको वो सब काम कर लेने चाहिए, जो आपने खुद के लिए कभी सोचे हो या उन्हें सपने में देखा हो। कई लोग जिंदगी भर घूमने का प्लान बनाते रहते हैं लेकिन कभी इसे पूरा नहीं कर पाते। कभी घर की जिम्मेदारियां बीच में आ जाती हैं, तो कभी बजट का इश्यू। जिंदगी में सबकुछ अपने हिसाब से चलता रहेगा और आपकी उम्र रफ्तार में भागती रहेगी। उम्र खत्म होने से पहले अगर आपने जिंदगी के मजे नहीं लिएं, तो क्या खाक जिंदगी जी। ऐसा पछतावा बाद में न हो इसके लिए समय रहते ही ट्रिप प्लान करें। जी हां, मरने के बाद स्वर्ग मिलेगा या नहीं लेकिन जीते जी आंखों से स्वर्ग का नजारा देखना कोई बुरा आइडिया नहीं है। आज हम आपको ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो एडवेंचर के लिए मशहूर हैं और यहां पहुंचते ही आपको फिर से जीने का मन करेगा और जिंदगी को लेकर आपका नजरिया बदल जाएगा। 50 की उम्र गुजरने से पहले इन जगहों पर एक बार जरूर घूमने जाएं। चलिए बताते हैं हम किन जगहों के बारे में बात कर रहे हैं-
कहां घूमने का बनाएं प्लान-
1- जिम कॉर्बेट
50 की उम्र के बाद हड्डियां बोल जाती है और अगर आप जिंदगी में एडवेंचर फील करना चाहते हैं, तो जिम कॉर्बेट जाएं। ये भारत का सबसे पुराना नेशनल पार्क है और यहां पर शेर, हाथी, हिरण सब देखने को मिलेंगे। यहां आप दोस्तों या परिवार के साथ जाएं और सफारी का मजा लें। आप ढिकाला जोन, बिजरानी जोन, कॉर्बेट फॉल्स घूमने जाएं और वहां के मजे लें। नवंबर से जून के बीच ही सफारी करने का मजा आएगा।
2- मेघालय
मेघालय का भारत का सबसे साफ प्रदेश माना जाता है और इसे ईस्ट का स्कॉटलैंड भी कहते हैं। मेघालय की खूबसूरती, साफ नदी का बहता पानी, झरने, हरियाली, शांति आपको वही बसने के लिए प्रेरित करेंगे। मेघालय जाकर आपको लगेगा भागदौड़ भरी जिंदगी छोड़ दी जाए। यहां पर चेरापूंजी, शिलांग, दाउकी नदी, लिविंग रूट ब्रिज जैसी जगहों पर घूमने जाएं।
3- जम्मू कश्मीर
धरती पर कही स्वर्ग है तो वही यही है, ऐसा आप हमेशा से पढ़ते-सुनते आ रहे होंगे। तो फिर जीते जी उस स्वर्ग को देखने का सौभाग्य भी प्राप्त करें और जम्मू कश्मीर जाएं। जम्मू जाने के लिए अब साधन की कमी नहीं है और 3 दिन की ट्रिप यहां के लिए परफेक्ट रहेगी। यहां आपको बर्फीली वादियां, सुकून, शांति, सुंदर नजारे, चादर ओढ़े पेड़ दिखेंगे। यहां आप आइस स्पोर्ट्स का मजा लें। घूमने के लिए श्रीनगर (डल लेक, हाउसबोट), गुलमर्ग (स्नो स्पोर्ट्स), पहलगाम, सोनमर्ग जाएं।
4- अंडमान-निकोबार द्वीप
बीच लवर है और विदेश जाने का मूड नहीं है, तो अंडमान-निकोबार जाएं। यहां पर समुद्र की शांति, सुंदरता आपका मन मोह लेगी। अंडमान में साफ पानी दिखेगा और यहां पर एशिया के बेस्ट स्कूबा डाइविंग स्पॉट्स भी हैं। आप स्कूबा डाइविंग का मजा लेते हुए समुद्रों के जीवों को हैलो कहें। यहां पर आप हैवलॉक आइलैंड, नील आइलैंड, सेल्युलर जेल, राधानगर बीच जैसी जगहों पर जाएं और अक्टूबर से मई तक का समय बेस्ट रहेगा।
5- दमन एंड दीव
दमन और दीव पहले एक केंद्र शासित प्रदेश हुआ करते थे और फिर साल 2020 से दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव नाम के एक ही केंद्र शासित प्रदेश में मिला दिया गया है। आज भी लोग इसे दमन और दीव के नाम से बुलाते हैं और यहां घूमने जाते हैं। शांति, सुकून चाहिए तो यहां चले जाएं। धार्मिक स्थलों के लिए भी ये जगह परफेक्ट है और बीच वेकेशन मनाने के लिए भी। यहां पर पुर्तगाली आर्किटेक्चर देखने को मिलेगा और कई सुंदर जगहों, चर्च देखें। अक्टूबर से मार्च के बीच यहां घूमने जाएं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन