शादी के सालों बाद भी बरकरार रहेगा हनीमून फेज, ये 5 रूल बनाएं रखेंगे रिश्ते में लव और रोमांस!
अगर आप चाहते हैं कि आपके रिश्ते में नई ताजगी, अट्रैक्शन और वही प्यार लंबे समय तक बना रहे, तो आपको अपनी डेली की कुछ बातों पर ध्यान देना होगा। इन छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर आप ताउम्र अपने रिश्ते में नयापन बनाए रख सकते हैं।

शादी के शुरुआती दिन बहुत खास होते हैं। हर बात में उत्साह होता है, हर मुलाकात में अपनापन और हर छोटी चीज भी दिल को छू जाती है। यही एहसास हनीमून फेज कहलाता है। लेकिन समय के साथ कई कपल्स महसूस करते हैं कि ये एहसास धीरे-धीरे कम होने लगा है। दरअसल सच तो ये है कि ये बदलाव अपने आप नहीं आता, बल्कि हमारी आदतों की वजह से आता है। अगर आप चाहते हैं कि आपके रिश्ते में नई ताजगी, अट्रैक्शन और वही प्यार लंबे समय तक बना रहे, तो आपको अपनी डेली की कुछ बातों पर ध्यान देना होगा। इन छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर आप ताउम्र अपने रिश्ते में नयापन बनाए रख सकते हैं।
डेटिंग जैसा फ्लर्ट जारी रखें
शादी के बाद अक्सर लोग मान लेते हैं कि अब इंप्रेस करने की जरूरत नहीं है और यहीं से उनके रिश्ते में दूरी शुरू होती है। रिश्ते में नयापन भी रखने के लिए आपको अपने पार्टनर से हल्की-फुल्की छेड़छाड़, मजाक और उनकी तारीफ जारी रखनी चाहिए। सही समय का इंतजार मत कीजिए, समय खुद बनाइए। जब आप अपने पार्टनर को महसूस कराते हैं कि वह आज भी आपके लिए खास है तो रिश्ता खुद ही चमकने लगता है।
अपने टच से दिलाये सुकून का एहसास
फिजिकल टच, सिर्फ रिश्ते का एक हिस्सा नहीं, बल्कि भरोसे का संकेत है। हर बार छूना किसी चाहत का इशारा नहीं होता। कभी कमर पर हाथ रखना, लंबा सा हग देना या माथे पर हल्का सा किस करना यह बताता है कि आप आप पार्टनर के पास हैं। एक छोटा सा स्पर्श आपके पार्टनर को सुरक्षा और अपनेपन का एहसास देता है। कोशिश करें कि रोज थोड़ा समय एक-दूसरे के करीब बिताएं। यह आदत धीरे-धीरे गहरा जुड़ाव बनाती है।
'नो फोन' समय जरूर बनाएं
मोबाइल आज हमारी जिंदगी का हिस्सा है लेकिन रिश्ते की जगह नहीं ले सकता। रोज कम से कम 15 मिनट का ऐसा समय तय करें जब आप दोनों फोन से दूर रहें। इस दौरान बस बात करें, एक दूसरे के साथ हंसें या चुपचाप साथ बैठें। यह छोटा सा समय बहुत असर करता है। याद रखें, एक दूसर के लिए अवेलेबल रहना, प्यार जताने का सबसे खास तरीका है।
इंतजार से भी बढ़ता है प्यार
रिश्ते में उत्साह बनाए रखने के लिए सिर्फ शारीरिक नजदीकी काफी नहीं होती। कई बार थोड़ा इंतजार, थोड़ा करीब आने के साथ प्यार के लिए खास माहौल बनाना भी जरूरी है। अपने रिश्ते को कभी बोझ या काम की तरह मत लें। इसे एक मजबूत जुड़ाव समझें। जब आप एक-दूसरे के लिए माहौल बनाते हैं तो नजदीकियां और भी खास बन जाती हैं। इससे रिश्ते में नई एनर्जी भी आती है।
छोटी तकरार को ना बनाएं बड़ा
हर रिश्ते में मतभेद होते हैं लेकिन उन्हें लंबा खींचना सही नहीं है। अगर गलती हो जाए तो जल्दी माफी मांगें। अगर सामने वाला माफी मांगे तो दिल से माफ करें। बातों को दबाकर रखने से मन में दूरी बढ़ती है। कोशिश करें कि किसी भी छोटे मुद्दे को उसी दिन सुलझा लें। जितनी जल्दी आप सुलह करेंगे, उतनी जल्दी फिर से करीब आ पाएंगे। अधूरी नाराजगी ही हनीमून फेज को खत्म करती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन