ठंड में स्वाद के साथ लें सेहत की चुस्की, बनाएं रेस्त्रां स्टाइल 'क्रीमी टोमैटो सूप' रेसिपी
Tomato Soup Recipe : अगर आप भी स्वाद को दुरुस्त करते हुए इम्यूनिटी को बूस्ट करना चाहते हैं तो झटपट इस रेस्त्रां स्टाइल टमाटर के सूप की रेसिपी को ट्राई करें। तो चलिए बिना देर किए जान लेते हैं कैसे बनाया जाता है टेस्टी टमाटर का सूप।

सर्दियों की सुबह हो या शाम, ठिठुरन भरी सर्दी में हाथों में पकड़ा हुआ गरमा-गरम टमाटर के सूप का प्याला सुकून की परिभाषा बन ही जाता है। टमाटर की सूप केवल एक डिश नहीं, बल्कि मखमली बनावट, चटपटे स्वाद और सेहत का एक ऐसा संगम है, जो ठंड से बचाकर शरीर में गर्माहट भर देता है। तो अगर आप भी स्वाद को दुरुस्त करते हुए इम्यूनिटी को बूस्ट करना चाहते हैं तो झटपट इस रेस्त्रां स्टाइल टमाटर के सूप की रेसिपी को ट्राई करें। तो चलिए बिना देर किए जान लेते हैं कैसे बनाया जाता है टेस्टी टमाटर का सूप।
रेस्त्रां स्टाइल टमाटर का सूप बनाने के लिए सामग्री
-6 बड़े पके हुए लाल टमाटर
-1 छोटा प्याज (बारीक कटा हुआ)
-3-4 लहसुन कलियां (कुचली हुई)
-1 इंच अदरक का टुकड़ा
-1 छोटी गाजर
-1 बड़ा चम्मच मक्खन
-1 तेजपत्ता
-½ छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
-नमक स्वादानुसार
-1 छोटा चम्मच चीनी (खटास बैलेंस करने के लिए)
-फ्रेश क्रीम गार्निश करने के लिए
रेस्त्रां स्टाइल टमाटर का सूप बनाने का तरीका
रेस्त्रां स्टाइल टमाटर का सूप बनाने के लिए सबसे पहले सूप का तड़का तैयार कर लें। इसके लिए एक कुकर में मक्खन गरम करके उसमें तेजपत्ता, लहसुन और अदरक डालकर हल्का सा भूनें। अब कटा हुआ प्याज डालकर हल्का गुलाबी होने तक भूनें। इसके बाद टमाटर और गाजर डालकर 2 मिनट तक चलाएं। अब कुकर में 2 कप पानी और थोड़ा सा नमक डालकर कुकर का ढक्कन बंद करके 2 सीटी आने तक पकाएं।
ब्लेंड करें- जब मिश्रण ठंडा हो जाए, तो तेजपत्ता निकालकर बाकी मिश्रण को मिक्सर में पीसकर एक स्मूथ प्यूरी बना लें। इसके बाद एक बड़ी छलनी की मदद से प्यूरी को छानकर टमाटर के बीज और छिलके अलग कर लें। ऐसा करने से आपको एक मखमली सूप पीने के लिए मिलेगा। इसके बाद छानी हुई प्यूरी को वापस गैस पर रखकर इसमें काली मिर्च, चीनी और अगर जरूरत लगे तो थोड़ा और पानी डालकर 5 मिनट तक धीमी आंच पर उबलने दें। आपका टेस्टी टमाटर का सूप बनकर तैयार हो चुका है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन