सूजी बेसन हुआ पुराना, नई दुल्हन मीठे में खिलाएं टेस्टी मटर का हलवा, दूर तक होंगे रेसिपी के चर्चे
Matar Ka Halwa Recipe : मटर का हलवा एक स्वादिष्ट और अनूठी डिश है। अगर आप मूंग की दाल के हलवे से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो यह एक बेहतरीन विकल्प है।

शादी के बाद ससुराल में 'पहली रसोई' की रस्म सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि नई दुल्हन के लिए दिल जीतने का सुनहरा मौका भी होती है। अक्सर लोग इस मौके पर सूजी या बेसन के हलवे जैसी घिसी-पिटी रेसिपीज मीठे में बनाने के लिए चुनते हैं, लेकिन अगर आप चाहती हैं कि आपकी तारीफों के चर्चे पूरे मोहल्ले में हो जाएं, तो कड़ाही में भूनिए ताजी हरी मटर का शाही हलवा। इसकी सौंधी महक, मखमली बनावट और शानदार हरा रंग न केवल डाइनिंग टेबल की रौनक बढ़ा देगा, बल्कि मेहमानों को आपकी कुकिंग का दीवाना भी बना देगा।
मटर का हलवा बनाने के लिए सामग्री
-2 कप हरी मटर
-½ कप घी
-1 कप दूध (फुल क्रीम)
-¾ कप चीनी
-½ कप खोया(कद्दूकस किया हुआ)
-½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
-सूखे मेवे (कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता)
मटर का हलवा बनाने का तरीका
मटर का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले मटर को दरदरा पीस लें। इस बात का खास ख्याल रखें कि मटर का बारीक पेस्ट न बनाएं, थोड़ा दानेदार रहने पर हलवा खाने में ज्यादा अच्छा और स्वादिष्ट लगता है। अब एक भारी तले की कड़ाही में घी गरम करें। इसमें पिसी हुई मटर डालकर मीडियम आंच पर तब तक भूनें जब तक कि मटर का कच्चापन खत्म न हो जाए और घी कड़ाही से अलग न होने लगे। इसमें लगभग 10-15 मिनट का समय लग सकता है।
दूध डालें- मटर को भूनने के बाद अब उसमें दूध डालकर तब तक पकाएं जब तक दूध पूरी तरह सूख न जाए और मिश्रण गाढ़ा न हो जाए। जब आपको लगे कि दूध सूख गया है तो इसमें चीनी और कद्दूकस किया हुआ मावा डालें। चीनी डालने के बाद हलवा थोड़ा पतला होगा, इसे लगातार चलाते हुए गाढ़ा होने तक पकाएं।
तड़का और खुशबू- आखिर में मटर के हलवे में स्वाद के साथ खुशबू जोड़ने के लिए इलायची पाउडर और कटे हुए मेवे डालें। जब हलवा कड़ाही के किनारे छोड़ने लगे और खुशबू आने लगे, तो समझ लीजिए कि मटर का हलवा बनकर तैयार है।
मटर के हलवे का स्वाद बढ़ाएंगे ये टिप्स
-अगर आप मटर के हलवे का रंग गहरा हरा दिखाना चाहते हैं तो आप इसमें हरे रंग का फूड कलर मिला सकते हैं।
-अगर आपके पास मावा नहीं है, तो आप मिल्क पाउडर का इस्तेमाल कर सकते हैं या दूध की मात्रा बढ़ाकर उसे गाढ़ा होने तक पका सकते हैं।
-मटर खुद भी मीठी होती है, इसलिए चीनी अपनी पसंद के हिसाब से धीरे-धीरे डालें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन