होली पार्टी में बनाएं गुलकंद स्ट्रॉबेरी शॉट्स, पीकर सभी को आएगा मजा
होली का त्योहार आने में कुछ ही दिन रह गए हैं। इस त्योहार पर बहुत से लोग अपने घर में धूम-धाम से पार्टी करते हैं। रंगोत्सव का जश्न आप भी अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों के साथ मना रहे हैं तो गुलकंद स्ट्रॉबेरी शॉट्स बनाकर सभी को पिलाएं। यहां सीखिए रेसिपी-

होली रंगों का त्योहार है, जिसका इंतजार बच्चे और बड़े बेसब्री से करते हैं। खुशियों के इस त्योहार पर बहुत से लोग घर पर तरह-तरह के स्नैक्स तैयार करते हैं। होली पर गुजियों की मिठास, ठंडी ठंडाई और चटपटे स्नैक्स तैयार किए जाते हैं और इन सभी चीजों के बिना होली अधूरी लगती है। होली को बहुत धूम-धाम के साथ सेलिब्रेट किया जाता है। कुछ लोग होली पार्टी घर पर ही होस्ट करते हैं और घर पर ही तरह-तरह के पकवान तैयार करते हैं। अगर आप इस साल परिवार के लोग और दोस्तों के साथ होली पार्टी करने की सोच रहे हैं तो उनका वेलकम एक टेस्टी ड्रिंक के साथ करें। यहां हम गुलकंद स्ट्रॉबेरी शॉट्स बनाने का तरीका बता रहे हैं। जिसे आप होली पार्टी में सर्व कर सकते हैं।
गुलकंद स्ट्रॉबेरी शॉट्स बनाने की सामग्री
गुलकंद स्ट्रॉबेरी शॉट्स बनाने के लिए कम से कम 20 फ्रोजन स्ट्रॉबेरी, चार बड़े चम्मच गुलकंद, तीन स्कूप वनीला आइसक्रीम, आधा लीटर दूध, बर्फ के टुकड़े। अगर आप ज्यादा मीठा पसंद करते हैं तो इसमें शहद और चीनी मिलाएं। गार्निशिंग के लिए आपको चाहिए होगा- फ्रेश गुलाब की पंखुड़ियां, कद्दूकस किए पिस्ते।
गुलकंद स्ट्रॉबेरी शॉट्स बनाने की विधि
गुलकंद स्ट्रॉबेरी शॉट्स बनाने के लिए सबसे पहले स्ट्रॉबेरी को फ्रीजर में रखें और जब ये पूरी तरह से जम जाए तो इसका शॉट्स बनाया जा सकता है। इसके लिए एक मिक्सर जार में स्ट्रॉबेरी और दूध डालें और अच्छे से ब्लेंड करें। जब स्ट्रॉबेरी अच्छी तरह ब्लेंड हो जाए तो इसमें गुलकंद और आइस्क्रीम डालें फिर अच्छे से ब्लेंड करें। जब सभी चीजें पूरी तरह से ब्लेंड हो जाए तो इसे शॉट्स ग्लास में निकालें। अब इसके ऊपर गुलाब की पंखुड़ियां और कुछ पिस्ता के टुकड़ों से सजाएं।
काम आने वाली टिप्स
1) शॉट्स थोड़े गाढ़े और मलाईदार ही अच्छे लगते हैं। इसलिए दूध और स्ट्रॉबेरी का सही माप रखें। बहुत ज्यादा दूध इसे पतला बना सकता है।
2) शॉट्स दिखने में खूबसूरत अच्छे लगते हैं। इसके लिए सबसे नीचे बारीक कटी हुई स्ट्रॉबेरी डाल सकते हैं।
3) स्वाद को बेहतर बनाने के लिए चुटकी भर इलायची पाउडर शॉट्स में डालें। ये गुलकंद की खुशबू को और बढ़ा देता है।
4) चीनी का इस्तेमाल कम करें या बिल्कुल न करें। क्योंकि मिठास बहुत ज्यादा हो सकती है। इसलिए केवल गुलकंद और स्ट्रॉबेरी के नेचुरल स्वाद पर भरोसा करें।
5) शॉट्स बनाने के लिए अगर आप टोन्ड दूध का यूज कर रहे हैं तो इसे गाढ़ा बनाने के लिए थोड़ी क्रीम का इस्तेमाल करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन