आलू नहीं पड़ेगा छीलना-काटना, सिर्फ 2 आलुओं से बच्चों के लिए बनाएं ढेरों क्रिस्पी पोटैटो चिप्स
बच्चों को बाहर के महंगे और ज्यादा नमक वाले चिप्स खिलाने के बजाय आप घर पर बने हेल्दी पोटैटो चिप्स खिलाएं। शेफ पारुल ने बच्चों के लिए झटपट तैयार होने वाले चिप्स की रेसिपी बताई है।

बच्चे बाजार में मिलने वाले पैकेट चिप्स खाना खूब पसंद करते हैं। हर दिन बच्चे वही चिप्स खाने की जिद करते हैं और हम उन्हें दिला देते हैं। लेकिन वो चिप्स डेली खाने के लिए काफी अनहेल्दी होते हैं। उनमें रिफाइंड ऑयल और कई तत्व होते हैं, जो नुकसान करते हैं। अगर आप बच्चे को बाहर वाले महंगे और अनहेल्दी चिप्स नहीं खिलाना चाहती हैं, तो घर पर चिप्स तैयार करें। इन चिप्स को तैयार करने के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी और 5 मिनट के अंदर ढेरों चिप्स बनकर तैयार हो जाएंगे। चलिए पारुल की रसोई से मिली इस रेसिपी को आपके साथ शेयर करते हैं।
क्या-क्या चाहिए
आले के करारे चिप्स बनाने के लिए चाहिए- 2 सेम साइज में उबले आलू, (200 ग्राम) 1 कटोरी चावल का आटा, आधा कप (6-8 चम्मच) कॉर्न स्टार्च पाउडर, नमक स्वादानुसार, तेल, पानी।
बनाने के लिए क्या करना है
चिप्स बनाने के लिए सबसे पहले आपको सेम साइज में दो बड़े आलू लेने हैं और उन्हें उबाल लेना है। जब आलू उबल जाए, तो उनका छिलका हटाकर मैश कर लें। अब मिक्सर में जरा सा पानी डालकर आलू का फाइन पेस्ट तैयार करें। आलू बिल्कुल पेस्ट में दिखने लगेगा, तब इसमें आपको 1 कटोरी चावल का आटा, आधा कप कॉर्न स्टार्च पाउडर और नमक स्वादानुसार मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाना है। जब पेस्ट बन जाए, तब इसे आटे की तरह कड़ा गूंथ कर रखें। अगर आटा ज्यादा टाइट हो जाए, तो हल्का सा पानी लगाकर बैलेंस करें।
फ्राई करने का तरीका
आटा गूंथ लेने के बाद इसकी दो-तीन भागों में लोई बनाकर रख दें। अब कॉर्न स्टार्च पाउडर गूंथे हुए आटे पर लगाकर बेलना शुरू करें। आलू के इस आटे को आपको बिल्कुल पतला बेलना है। जब पूरी तरह से पतला आटा बेल लें, तब काटे वाले चम्मच से इसमें छेद करें। अब आपको किसी डिब्बी का ढक्कन, छोटी कटोरी लेनी है और आटे पर रखते हुए उसे गोल शेप में काटकर अलग रख लें। अब पैन में तेल गर्म करें। आप मूंगफली का तेल, घी, सरसों का तेल चुन सकते हैं और तेल को गर्म होने दें। फिर इसमें बनाए हुए आटे के चिप्स को तेल में डालकर फ्राई करें और हल्का सुनहरा होने पर छान लें। बस आपके बाजार जैसे चिप्स बनकर तैयार हो जाएंगे, बिना किसी झंझट के। बच्चे रोजाना यही चिप्स मांगने लगेंगे। आप इन चिप्स को एयर टाइट कंटेनर में भरकर स्टोर भी कर सकती हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन