गाजर-मटर का जाने वाला है सीजन! इनका बनाकर रख लें चटपटा अचार, दाल-चावल के साथ सालभर खाएं
मटर और गाजर का सीजन जल्द ही जाने वाला है। ऐसे में अगर आप इन्हें सालभर खाना चाहते हैं, तो झटपट अचार बनाकर रख लें। इनका अचार टेस्टी होगा और सालभर खराब नहीं होगा। चलिए दोनों की रेसिपी बताते हैं।

सर्दियों के मौसम में गाजर, मूली, मटर जैसी कई चीजें आती हैं, जिन्हें खाने में काफी मजा आता है। गाजर का हलवा और मटर का निमोना तो आप ने सर्दियों भर खूब खा लिया होगा लेकिन अब इनका सीजन जाने वाला है। सीजन जाने से पहले आप इनके अचार बनाकर भी रख सकते हैं। अचार सालभर खराब नहीं होंगे और दाल-चावल, रोटी के साथ खाने में स्वादिष्ट भी लगेंगे। चलिए आपको गाजर और मटर का अचार बनाने की अलग-अलग रेसिपी बताते हैं।
मटर का अचार-
सामग्री- मटर दाने – 1/2 किलो, सौंफ- 1 टी स्पून, अजवाइन- 3/4 टी स्पून, हल्दी- 1/2 टी स्पून, लाल मिर्च पाउडर- 1 टी स्पून, अमचूर- 1/2 टी स्पून, अचार मसाला- 4 टी स्पून, तेल- 2 टी स्पून।
बनाने का तरीका-
सबसे पहले मटर को छीलकर धोकर रखें और उसका पानी सूखने दें। फिर कढ़ाही में तेल गर्म करें। इसमें सौंफ और अजवाइन डालकर तड़का दें। फिर हरी मटर को इसी तेल में डाल दें और ऊपर से हल्दी, लाल मिर्च, स्वादानुसार नमक डालकर चलाएं। आखिर में अचार वाला मसाला और खटाई भी मिक्स करें। बस फिर इसे धीमी आंच पर पकने के लिए रखें और ढक्कन से कवर करें। मटर हल्की सी गल जाएं, तब गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें। फिर किसी शीशी या जार में भरकर रखें। मटर का अचार बनकर तैयार हो जाएगा।
गाजर का अचार-
क्या-क्या चाहिए- 1 किलो गाजर, 1/4 कप राई, 1 चम्मच मेथीदाना, 2 बड़े चम्मच सौंफ, स्वादानुसार नमक, 1 चम्मच कलौंजी, 1 चम्मच हल्दी पाउडर, हींग, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, सिरका।
कैसे बनाएं-
सबसे पहले गाजर को छीलकर धोकर रखें और पानी सूखने दें। फिर इसे पतली फांक में काटकर 2-3 घंटे के लिए सूखने के लिए रख दें। गाजर सूखने के दौरान आप पैन में मेथी दाना को हल्का भून लें और फिर मिक्सर में मेथी दाना और राई को दरदरा पीस लें। अब पैन या कढ़ाही में तेल हल्का गर्म करें और इसमें हींग और गाजर के कटे हुए टुकड़े डालकर चलाएं। फिर इसमें सभी मसाले पिसा हुआ मेथी दाना, राई, स्वादानुसार नमक, कलौंजी, सौंफ, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर मिलाकर चलाएं और गाजर को मसालों में कवर करें। इसके बाद गैस बंद करें और अचार को ठंडा होने के लिए रख दें। जब गाजर का अचार ठंडा हो जाए, तब इसमें सिरका मिलाएं। इसके बाद आप इसे एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखें। सिरका डालने से गाजर अच्छे से गल जाएगी और अचार भी खराब नहीं होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन