कुकर में 2 सीटी लगाकर बनाएं हलवाई जैसे रसगुल्ले, 1 लीटर दूध से किलोभर बनेंगे!
Make Soft Spongy Rasgulla: मीठे में रसगुल्ले खाने का मन हो, तो कुकर में सिर्फ 2 सीटी लगाकर आप इन्हें तैयार कर सकती हैं। बहुत ही सॉफ्ट-स्पंजी और रसीले बनकर तैयार होते हैं।

कुछ मीठा खाने का मन हो और रसगुल्ले मिल जाएं, इससे मजेदार क्या हो सकता है। जरूरी नहीं है कि कोई खास मौका हो तभी मुंह मीठा किया जाए। खाने के बाद जो क्रेविंग होती है, उसके लिए भी सफेद रसगुल्ले परफेक्ट हैं। गर्मियों में ठंडे-ठंडे फ्रिज से निकले रसगुल्ले खाने का भी अलग ही मजा है, वो भी घर के बने हुए हों तो बात ही कुछ और है। घर पर रसगुल्ले बनाना बहुत से लोगों को मुश्किल लगता है, लेकिन यकीन मानिए ये है नहीं। इन्हें बनाने में ज्यादा टाइम भी नहीं लगता। खासतौर से जो तरीका आज हम आपके लिए ले कर आए हैं, उससे तो प्रेशर कुकर में मुश्किल से 5-7 मिनट में आप खूब सारे रसगुल्ले बनाकर तैयार कर लेंगी। ये काफी सॉफ्ट और स्पंजी बनते हैं, बिल्कुल हलवाई वाले रसगुल्लों की तरह। तो चलिए फटाफट से रेसिपी देख लेते हैं और जरूरी टिप्स जान लेते हैं।
रसगुल्ले बनाने के लिए सामग्री
प्रेशर कुकर में रसगुल्ले बनाने के लिए आपको सबसे पहले तो एक लीटर गाय का दूध लेना है। दरअसल भैंस के दूध में ज्यादा फैट होता है, जिससे रसगुल्ले बिगड़ सकते हैं। इसलिए कम फैट वाला मिल्क ही इस्तेमाल करें। इसके अलावा आपको जो सामग्री चाहिए होंगी वो हैं - आधा नींबू, मैदा (1 छोटा चम्मच), चीनी (1 कप), पानी (3 कप)।
प्रेशर कुकर में बनाएं सॉफ्ट और स्पंजी रसगुल्ले
रसगुल्ले बनाने के लिए सबसे पहले गैस पर एक कढ़ाही में दूध को उबलने के लिए रख दें। अब आधा कटोरी पानी में आधा नींबू का रस मिलाएं। जैसे ही दूध में उबाल आ जाए, गैस की फ्लेम को लो कर दें और नींबू-पानी का घोल थोड़ा-थोड़ा मिलाती जाएं, इससे दूध अच्छी तरह फट जाएगा। ध्यान रहे आपको एक साथ सारा पानी नहीं डालना है। दूध फट कर छेना बन जाए, तो उसे छलनी की मदद से छान लें। इस पानी में से दो चम्मच कहीं अलग से निकाल कर रख लें, आगे काम आएगा।
अब छेना को साफ पानी से दो-तीन बार धो लें, ताकि नींबू की खटास निकल जाए। इसके बाद एक साफ सूती कपड़े से निचोड़कर इसका सारा पानी निकाल लें। छेना को एक प्लेट पर फैलाएं और कटोरी की तली से दबाते हुए इसे स्मूद कर लें। 5 मिनट में पनीर एकदम चिकना हो जाएगा और इसका भुरभुरापन खत्म हो जाएगा। इसमें बाइंडिग के लिए एक छोटा चम्मच मैदा मिलाएं और अच्छे से गूंथकर मिक्स कर लें।
इसके बाद पनीर से छोटी-छोटी रसगुल्ले की बॉल्स बनाकर तैयार करें। एक प्रेशर कुकर गैस पर चढ़ाएं, उसमें एक कप चीनी और तीन कप पानी डालें। साथ ही दो चम्मच पनीर का पानी जो आपने बचाकर रखा था, उसे भी मिला दें। अब रसगुल्ले की बॉल्स एक-एक कर के इसमें डालें।
प्रेशर कुकर में रसगुल्ले पकाने की ट्रिक
सबसे पहले तो गैस की फ्लेम तेज कर दें और कुकर का ढक्कन बंद ना करें, सिर्फ ऊपर से कवर कर दें। 5 मिनट में ये अच्छे से पकने लगेंगे। अब आपको कुकर का ढक्कन बंद कर देना है और दो सीटी आने तक पकाना है। इसके बाद ढक्कन खोलेंगी तो रसगुल्ले एकदम परफेक्ट बनकर तैयार होंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन