मटर पनीर की ग्रेवी ऐसे बनाएंगी तो एकदम रेस्टोरेंट वाला स्वाद आएगा! शेफ ने बताई रेसिपी
मटर पनीर में सबसे जरूरी होती हैं उसकी ग्रेवी। कुछ गृहणियां काजू का पेस्ट, क्रीम या दही डालकर ग्रेवी को गाढ़ा करती हैं, लेकिन इन सब के बिना भी आप रेस्टोरेंट स्टाइल ग्रेवी बना सकती हैं। यहां देखें शेफ की बताई रेसिपी-

नए साल पर हर घर में कुछ स्पेशल जरूर बनता है। अब जब स्पेशल खाने की बात हो तो घरवालों की डिमांड में पहले नंबर पर होता है मटर पनीर। पूड़ी हों या पुलाव, मटर पनीर के साथ बहुत ही टेस्टी लगते हैं। मटर पनीर में सबसे जरूरी होती हैं उसकी ग्रेवी। यही फर्क घर और रेस्टोरेंट के मटर पनीर में होता है, जहां रेस्टोरेंट के मटर पनीर की ग्रेवी काफी गाढ़ी और क्रीमी होती है। वहीं घर पर वो सेम टेक्सचर नहीं मिल पाता। कुछ गृहणियां काजू का पेस्ट, क्रीम या दही डालकर ग्रेवी को गाढ़ा करती हैं, लेकिन इन सब के बिना भी आप रेस्टोरेंट स्टाइल ग्रेवी बना सकती हैं। शेफ ब्रिस्टी कुमारी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मटर पनीर की एक रेसिपी शेयर की है, जो आपको एक बार जरूर ट्राई करनी चाहिए।
मटर पनीर बनाने के लिए सामग्री
रेस्टोरेंट स्टाइल मटर पनीर बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं - पनीर (200 ग्राम), तलने के लिए तेल, गर्म पानी और नमक ( तले हुए पनीर को सॉफ्ट करने के लिए)।
प्याज की ग्रेवी के लिए सामग्री- तेल, 10 लहसुन की कलियां, 2 कटी हुई प्याज, अदरक का टुकड़ा (1 इंच), 2 हरी मिर्च, आधा इंच दालचीनी का टुकड़ा, हरी इलायची (3), पनीर (50 ग्राम)।
ग्रेवी मसाला के लिए सामग्री- 1 चम्मच तेल, 1 चम्मच बटर, आधा चम्मच जीरा, आधा चम्मच हल्दी पाउडर, आधा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, 2 टमाटर, नमक, आधा चम्मच चीनी, पनीर बटर मसाला (1 चम्मच), आधा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच धनिया पाउडर, जरूरत अनुसार पानी, उबले हुए मटर, तला हुआ पनीर, हरा धनिया और कसूरी मेथी।

घर पर बनाएं रेस्टोरेंट स्टाइल मटर पनीर
सबसे पहले पनीर के टुकड़ों को तेल में हल्का सा तल लें, फिर इन्हें सॉफ्ट होने के लिए गर्म पानी और नमक में भिगोकर रख दें। अब एक पैन में तेल गर्म करें, उसमें लहसुन की साबुत कलियां और कटी हुई प्याज डालकर फ्राई कर लें। इन्हें सुनहरा होने तक पकाएं। अब एक मिक्सर में ये भुने हुए प्याज-लहसुन, अदरक का टुकड़ा, हरी मिर्च, इलायची, पनीर, दालचीनी का टुकड़ा डालकर पीस लें और एक ग्रेवी तैयार कर लें।
इसके बाद एक पैन में बटर और तेल गर्म करें, उसमें जीरा चटका लें। फिर हल्दी पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालें और ऊपर से प्याज की तैयार की हुई ग्रेवी एड कर दें। थोड़ी देर इसे पकाएं, फिर टमाटर की प्यूरी एड करें। इसमें नमक, थोड़ी सी चीनी, पनीर बटर मसाला, धनिया पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर मिक्स करें। मसाले को तब तक भूनें, जब तक तेल अलग ना हो जाए।
अब जैसे ही ग्रेवी तेल छोड़ने लगे, उसमें उबले हुए हरे मटर एड करें। साथ ही पनीर के टुकड़े मिलाएं। ऊपर से फ्रेश हरा धनिया काटकर डाल दें और थोड़ी सी कसूरी मेथी भी एड करें। कोई नहीं बता पाएगा कि ये मटर पनीर आपने घर पर बनाया है। इसकी ग्रेवी इतनी थिक और क्रीमी बनती है कि मजा आ जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन