ना तंदूर, ना अंगीठी! कुकर में फटाफट बनाएं बिहारी स्टाइल ढेरों लिट्टी, चोखा का स्वाद मुंह में घुल जाएगा make bihari style litti chokha in a cooker instantly without tandoor and oven, रेसिपी - Hindustan
More

ना तंदूर, ना अंगीठी! कुकर में फटाफट बनाएं बिहारी स्टाइल ढेरों लिट्टी, चोखा का स्वाद मुंह में घुल जाएगा

यूपी-बिहार का फेमस लिट्टी चोखा आपको हर चौराहे पर खड़े ठेले पर मिल जाएगा लेकिन हर किसी में वह चटपटा स्वाद नहीं मिल पाता। अगर आप स्वादिष्ट लिट्टी-चोखा खाना चाहते हैं, तो घर पर ही कुकर में इसे बनाएं। इसके लिए ना तो अंगीठी की जरूरत होगी और ना ही तंदूर की। चलिए बताते हैं आसान तरीका।

Sat, 18 April 2026 08:58 AMDeepali Srivastava लाइव हिन्दुस्तान
share
ना तंदूर, ना अंगीठी! कुकर में फटाफट बनाएं बिहारी स्टाइल ढेरों लिट्टी, चोखा का स्वाद मुंह में घुल जाएगा

यूपी-बिहार में लिट्टी चोखा काफी फेमस है और लोग उंगलियां चाटते हुए इसे खाते हैं। भूख तेज लगी हो या कुछ चटपटा खाने का मन हो लिट्टी-चोखा सबसे अच्छा ऑप्शन है। इससे पेट भी भर जाता है और ये सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है। लिट्टी-चोखा बनाने के लिए दुकानदार अंगीठी या तंदूर का इस्तेमाल करते हैं लेकिन अगर हम आप से कहें कि आप इसे कुकर में बना सकते हैं। अगर आप घर बैठे लिट्टी-चोखा का स्वाद लेना चाहती हैं, तो कुकर वाली ट्रिक जरूर ट्राई करें। कुकर में लिट्टी-चोखा आसानी से बनकर तैयार हो जाएगा और स्वाद ऐसा मिलेगा कि फिर बाजार वाली लिट्टी आप खाना ही छोड़ देंगे। तो चलिए आपको फटाफट बताते हैं लिट्टी चोखा बनाने का आसान तरीका।

चोखा के लिए सामग्री

1 बैंगन, 2 हरी मिर्च, 2 टमाटर, 2 लहसुन की कलियां, 1 चम्मच बारीक कटा कच्चा लहसुन, 1 चम्मच बारीक कटा अदरक, बारीक कटी हुई 1 चम्मच हरी मिर्च, 1 मीडियम साइज प्याज बारीक कटा हुआ, स्वादानुसार नमक, 1 स्पून सरसों का तेल, धनिया कटी हुई।

कैसे बनाएं चोखा

लिट्टी बिना चोखा के नहीं खाई जा सकती है, तो पहले आप चोखा की रेसिपी जान लीजिए। चोखा बनाने के लिए आपको 1 बैंगन, 2 हरी मिर्च, 2 टमाटर, 2 लहसुन की कलियां चाहिए। अब आपको बैंगन में 2-3 कट लगाने होंगे, इससे पता चलेगा कि इसमें कीड़े तो नहीं है। फिर इसी कट के अंदर लहसुन की कलियां और हरी मिर्च को डाल दें। अब बैंगन और टमाटर के ऊपर हल्का सा तेल लगाकर दोनों चीजों को गैस पर बर्नर स्टैंड रखें। अब इन्हें मीडियम फ्लेम पर पकने दें। 3-4 मिनट बाद आप गैस बंद करें और इन्हें ठंडा होने के लिए रखें। जब बैंगन-टमाटर पूरी तरह से ठंडे हो जाए तब इनका ऊपर छिलका हटाएं। बस आपका बैंगन-टमाटर चोखा बनाने के लिए तैयार है। अब बैंगन-टमाटर को एक बाउल में डालें और मैशर या फिर हाथों से ही सभी चीजों को अच्छे से मैश कर लें। आप इसमें उबला आलू भी डाल सकते हैं। अब चोखे में सभी चीजों (1 चम्मच बारीक कटा कच्चा लहसुन, 1 चम्मच बारीक कटा अदरक, बारीक कटी हुई 1 चम्मच हरी मिर्च, 1 मीडियम साइज प्याज बारीक कटा हुआ, स्वादानुसार नमक, 1 स्पून सरसों का तेल, धनिया कटी हुई) को बारीक काटकर मात्रा के हिसाब से मिलाएं। बस फिर आपका चोखा बनकर तैयार है।

लिट्टी बनाने के लिए सामग्री

2 कप गेहूं का आटा, 1 चम्मच घी, आधा चम्मच नमक, पानी। स्टफिंग के लिए- 2 कप सत्तू, चौथाई कप प्याज, 1 चम्मच अदरक, आधा चम्मच लहसुन, 1 चम्मच हरी मिर्च, चौथाई कप धनिया, आधा चम्मच अजवायन सीड्स, आधा चम्मच कलौंजी, 2 चम्मच सरसों का तेल, 1 चम्मच नींबू का रस, स्वादानुसार नमक और 1 चम्मच किसी भी अचार का मसाला।

लिट्टी की स्टफिंग

सबसे पहले गेहूं के आटे में घी और नमक मिलाकर इसे पानी से कड़ा गूंथ लें और 10 मिनट के लिए सेट होने के लिए छोड़ें। स्टफिंग के लिए सत्तू लें और इसमें प्याज, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, धनिया, नींबू का रस, अजवाय, कलौंजी, सरसों का तेल, अचार का मसाला, स्वादानुसार नमक। इसे गूंथना नहीं है, बस स्टफिंग के लिए रेडी करना है।

कुकर में करें तैयार

अब तैयार आटे की लोई बनाएं और फिर भरवां पराठे की तरह उसमें सत्तू वाली स्टफिंग करें। आटे में स्टफिंग करते हुए गोल बना लें और रखते जाएं, ऐसा ही सभी के साथ करना है। अब कुकर में हल्का सा सरसों का तेल लगाएं और गैस पर हल्का गर्म करें। ध्यान रखें कि कुकर के ढक्कन से रबड़ और सीटी हटा दें, सीटी लगने से लिट्टी खराब हो जाएगी। अब लिट्टी को लाइन से रखें और 4 मिनट तक ढक्कन लगाकर पकने दें। फिर ढक्कन खोलें और लिट्टी को पलटकर फिर से पकाएं। ऐसा आपको 25-30 मिनट तक करना होगा, जब तक लिट्टी पूरी तरह से पक न जाए। बस इस तरह से आप लिट्टी तैयार कर सकते हैं। अगर आपको लिट्टी कम पकी लग रही हो, तो यही तरीका 2-3 बार फिर से दोहराएं।

सर्व करें

अब आप लिट्टी को चोखा और टमाटर-धनिया-पुदीना की चटनी के साथ सर्व करें। साथ में प्याज भी प्लेट में रखें। लिट्टी को आप घी में डुबोकर फिर परोसें या उसके ऊपर बाद में घी डालें। दोनों ही तरीके से स्वाद कमाल का मिलेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ना चीनी, ना मलाई! दूध में मखाना भिगोकर बनाएं हेल्दी कुल्फी, बच्चे शौक से खाएंगे!

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।