सिर्फ 15 मिनट में बनाएं हरी मटर का चटपटा अचार, अब बोरिंग खाना भी लगेगा मजेदार!
Hari Matar Ka Achar Kyse Banaye : लोग अकसर घर पर अचार बनाने से इसलिए भी परहेज करते हैं क्योंकि उसमें ज्यादा मेहनत के साथ तैयार होने में कई हफ्तों का समय लगता है। लेकिन ताजी मटर का यह अचार न केवल झटपट बनकर तैयार होता है, बल्कि अपनी खनकती रंगत और कुरकुरेपन से आपकी डाइनिंग टेबल की जान भी बन सकता है।

Green Peas Pickle Recipe : आलू-मटर की सब्जी हो या लंच में बनने वाला मटर पुलाव, हरी मटर हर किसी की पसंदीदा सब्जी होती है। लेकिन गर्मियों के शुरू होते ही हरी मटर का सीजन जाने लगता है। अगर आप हरी मटर का स्वाद गर्मियों में भी लेना चाहते हैं तो ट्राई करें हरी मटर का चटपटा मसालेदार अचार। मटर का अचार ना सिर्फ मुंह का जायका अच्छा करता है बल्कि आपकी भूख को भी डबल कर सकता है। इस अचार में मिलने वाला मटर का हल्का मीठापन जब राई की तीखी खटास और सरसों के तेल की सोंधी खुशबू के साथ घुलता है, तो साथ में परोसे गए पराठों का टेस्ट और ज्यादा बढ़ जाता है। लोग अकसर घर पर अचार बनाने से इसलिए भी परहेज करते हैं क्योंकि उसमें ज्यादा मेहनत के साथ तैयार होने में कई हफ्तों का समय लगता है। लेकिन ताजी मटर का यह अचार न केवल झटपट बनकर तैयार होता है, बल्कि अपनी खनकती रंगत और कुरकुरेपन से आपकी डाइनिंग टेबल की जान भी बन सकता है। तो चलिए बिना देर किए जान लेते हैं कैसे बनाते हैं हरी मटर का टेस्टी अचार।
हरी मटर का मसालेदार अचार बनाने के लिए सामग्री
-500 ग्राम ताजी हरी मटर (छिली हुई)
-1 कप सरसों का तेल
-2 चम्मच सिरका या नींबू का रस खटास
मसाले
-2 चम्मच सौंफ (दरदरी पिसी हुई)
-1 चम्मच राई (पिसी हुई)
-1 चम्मच पीली सरसों (पिसी हुई)
-1/2 चम्मच कलौंजी
-1/2 मेथी दाना
-2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
-1 चम्मच हल्दी
-नमक स्वादानुसार
-एक चुटकी हींग
हरी मटर का मसालेदार अचार बनाने का तरीका
हरी मटर का मसालेदार अचार बनाने के लिए सबसे पहले मटर की ब्लांचिंग कर लें। इसके लिए सबसे पहले मटर को उबलते पानी में 2 मिनट के लिए डालकर फिर तुरंत ठंडे पानी में निकाल लें। ऐसा करने से मटर का हरा रंग बना रहता है। अब अचार बनाने के लिए मटर को अच्छी तरह सुखा लें। इसके लिए मटर को एक सूती कपड़े पर फैलाकर 3-4 घंटे के लिए धूप में या पंखे के नीचे सुखाएं। इस बात का खास ख्याल रखें कि मटर में नमी बिल्कुल नहीं होनी चाहिए, वरना अचार खराब हो सकता है।
तेल गरम करें : सरसों के तेल को धुआं उठने तक गरम करने के बाद गैस बंद कर दें और उसे थोड़ा ठंडा होने दें। इसके बाद अचार में मसाले मिलाने के लिए गुनगुने तेल में हींग, कलौंजी, मेथी और बाकी सभी पिसे हुए मसाले डाल दें। अब इस मसालेदार तेल में सूखी हुई मटर और सिरका डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
स्टोर करने का तरीका : तैयार हरी मटर के अचार को एक कांच के सूखे जार में भरकर 2-3 दिन धूप दिखाएं ताकि मसाले मटर के अंदर तक समा जाएं। आपका मटर का अचार बनकर तैयार हो चुका है।
हरी मटर के अचार का स्वाद बढ़ाएंगा ये टिप्स
-हरी मटर के अचार में आप थोड़ी सी अदरक के लच्छे और हरी मिर्च काट कर डाल सकते हैं, जिससे यह खाने में और भी 'क्रंची' लगेगा।
-अचार निकालने के लिए हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन