गर्मियों का देसी फ्रिज: मिट्टी का मटका खरीदते समय ध्यान रखें ये 5 बातें, तभी मिलेगा ठंडा पानी
Tips to choose a good claypot : अगर मटका सही ढंग से पका न हो या उसकी मिट्टी में मिलावट हो, तो वह न तो पानी को प्राकृतिक रूप से ठंडा कर पाएगा और न ही उससे पानी में जरूरी मिनरल्स घुल पाएंगे। इसलिए, बाजार की भीड़ में से एक ऐसा 'शुद्ध देसी फ्रिज' चुनना जो सालों-साल चले, थोड़ा परख और समझ की मांग करता है।

Tips to buy good clay pot : तपती गर्मियों में फ्रिज का चिल्ड पानी गला तो तर कर देता है लेकिन मिट्टी के घड़े के पानी की तरह प्यास अच्छी तरह नहीं बुझा पाता है। फ्रिज के ठंडे पानी के नुकसान से बचने के लिए आपने लोगों को अकसर गर्मियां शुरू होते ही मिट्टी का घड़ा खरीदते हुए देखा होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं एक सही मटका चुनना महज खरीदारी नहीं, बल्कि सेहत और स्वाद के लिए किया गया आपका निवेश है। अगर मटका सही ढंग से पका न हो या उसकी मिट्टी में मिलावट हो, तो वह न तो पानी को प्राकृतिक रूप से ठंडा कर पाएगा और न ही उससे पानी में जरूरी मिनरल्स घुल पाएंगे। इसलिए, बाजार की भीड़ में से एक ऐसा 'शुद्ध देसी फ्रिज' चुनना जो सालों-साल चले, थोड़ा परख और समझ की मांग करता है। आइए जानते हैं एक अच्छा मिट्टी का घड़ा खरीदते समय किन 5 बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है।
मिट्टी का घड़ा खरीदते समय ध्यान रखें ये बातें
1. मटके की बनावट और फिनिशिंग
पानी भरने के लिए मटका खरीदते समय सबसे पहले उसकी सतह की जांच करें। मटका खरीदते समय उसे चारों तरफ से छूकर देखें। मटका कहीं से भी चटका हुआ या बहुत ज्यादा खुरदरा नहीं होना चाहिए। मटका हमेशा एकसमान मोटाई वाला ही चुनें। ध्यान दें कि मटका हर तरफ से बराबर मोटा हो। कहीं से पतला और कहीं से मोटा होने पर उसके फूटने का डर बना रहता है।
2. रंग पर ध्यान दें
मटका खरीदने के लिए हमेशा प्राकृतिक मिट्टी का रंग चुनें। हल्का लाल या बादामी सबसे अच्छा रंग रहता है। बहुत ज्यादा चमकीले या गहरे लाल मटकों को खरीदने से बचें। ऐसे मटकों पर केमिकल वाले रंगों का लेप किया हुआ हो सकता है।
3. आवाज से करें पहचान
मटका खरीदने का यह सबसे पुराना और सटीक तरीका माना जाता है। मटके को अपनी उंगली से धीरे से ठकठकाएं। अगर ऐसा करने पर धातु जैसी 'टन-टन' की साफ आवाज आए, तो समझें कि मिट्टी अच्छी तरह पकी हुई है और मटका मजबूत है। लेकिन अगर मटके से भारी या 'भप-भप' जैसी दबी हुई आवाज आए, तो हो सकता है कि मटका कच्चा हो या उसमें कोई बारीक दरार हो।
4. प्राकृतिक छिद्र
मिट्टी के मटके में पानी ठंडा होने का मुख्य कारण वाष्पीकरण (Evaporation) होता है। मटका खरीदते समय इस बात का ध्यान रखें कि उसकी सतह पर बहुत बारीक छेद होने चाहिए जिनसे पानी रिसकर बाहर आ सके। अगर मटका ऊपर से बहुत ज्यादा पॉलिश किया हुआ या पेंट किया हुआ है, तो ये छेद बंद हो जाते हैं और पानी ठीक से ठंडा नहीं होता।
5.आकार और ढक्कन
अपनी जरूरत के हिसाब से मटके का आकार चुनें, लेकिन ध्यान रखें कि उसका मुंह सही चौड़ाई का हो ताकि उसे अंदर से साफ करना आसान रहे। मटके के साथ मिट्टी का ढक्कन जरूर लें, क्योंकि यह पानी के तापमान को संतुलित रखने में मदद करता है।
मटका खरीदने के कुछ अन्य टिप्स
नल वाला मटका : अगर आप पानी निकालने के लिए मटके के भीतर बार-बार हाथ डालना पसंद नहीं करते, तो नल वाला मटका लेना बेहतर है। यह ज्यादा स्वच्छ रहता है।
इस्तेमाल से पहले: मटका घर लाने के बाद उसे 24 घंटे के लिए सादे पानी में भिगोकर रखें और फिर उस पानी को फेंक दें। इसके बाद ही पीने का पानी भरें।
सफाई: मटके को साफ करने के लिए कभी भी साबुन या डिटर्जेंट का उपयोग न करें, क्योंकि मिट्टी इसे सोख लेगी। सिर्फ गर्म पानी और मुलायम कपड़े का इस्तेमाल करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन