इमली नहीं तो भी बन जाएगी मीठी चटनी, सीख लें ये जुगाड़ वाली रेसिपी
Instant Khatti Mithi Chutney Recipe: इमली को भिगोने का टाइम नहीं या फिर घर में इमली खत्म हो गई। खट्टी-मीठी चटनी को झटपट बनाने की ये आसान सी रेसिपी सीख लें। घंटों का काम मिनटों में करना सीख जाएंगी और हर वक्त घर में मौजूद रहेगी मीठी चटनी।

चाट बनाने हो या दही-भल्ले साथ में खट्टी-मीठी इमली की चटनी तो जरूर चाहिए होती है। अब अगर किचन में इमली खत्म हो गई है या भिगोने का टाइम नहीं तो मिनटों में ये जुगाड़ू तरीके से खट्टी-मीठी चटनी बनाने का तरीका सीख लें। जिसका स्वाद बिल्कुल इमली की चटनी जैसा ही होगा और आपको बहुत सारी मेहनत करने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। बगैर इमली के मीठी चटनी बनाने के लिए आपको गुड़ तो चाहिए ही साथ ही जरूरत होगी अमचूर पाउडर की, तो चलिए जानें कैसे बनाएं ये मजेदार खट्टी-मीठी चटनी।
बगैर इमली मीठी चटनी बनाने की सामग्री
एक चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
एक चम्मच भुना जीरा पाउडर
काला नमक स्वादानुसार
एक चौथाई चम्मच गरम मसाला
सादा नमक स्वादानुसार
आधा कप अमचूर पाउडर
एक से डेढ़ कप गुड़
एक चम्मच सोंठ पाउडर
खट्टी-मीठी चटनी बगैर इमली बनाने की रेसिपी
- इमली भिगोने का टाइम नही है तो इस चटनी की रेसिपी को जरूर नोट कर लें। या जितनी मात्रा लिखी उसी हिसाब से एक प्रीमिक्स पाउडर बनाकर स्टोर कर लें। ये आसानी से खराब नहीं होता है।
- इस चटनी को बनाना बहुत आसान है।
- बस आधा कप अमचूर पाउडर लें। और साथ ही डेढ़ कप के करीब गुड़ लें।
- दोनों को मिक्सी में डाल दें। गुड़ को मिक्सी में डालने से पहले तोड़कर छोटे टुकड़ों में कर लें। ध्यान रहे कि गुड़ में नमी ना हो।
- बस अब अमचूर पाउडर और गुड़ के साथ बाकी मसालों को भी मिला लें।
- सादा नमक और काला नमक स्वादानुसार डालें।
- साथ ही कश्मीरी लाल मिर्च एक चम्मच, एक चम्मच सोंठ पाउडर, थोड़ा सा गरम मसाला डाल दें। साथ में भुना जीरा पाउडर भी करीब एक चम्मच डाल दें। अब सारी चीजों को मिक्सी के जार में डालकर चलाकर बारीक पाउडर बना लें।
- इस पाउडर को आप अगर कई दिन के लिए रखना चाहती हैं तो किसी कागज पर फैलाकर इसकी नमी को सोख लेने दें। फिर एयर टाइट डिब्बे में रखें।
- अगर आप फौरन चटनी बनाना चाहती हैं तो बस इस तैयार गुड़ और अमचूर के मिक्सचर को आवश्यकतानुसार तीन से चार चम्मच लें।
- इसमे एक से दो कप पानी डालें और गैस पर पका लें। जब पानी में उबाल आए और साइड में चटनी लगने लगे तो गैस बंद कर दें क्योंकि ठंडी होने के बाद ये चटनी और गाढ़ी हो जाएगी।
- बस तैयार है मजेदार सी खट्टी-मीठी चटनी, वो भी बगैर इमली को भिगोए और छाने।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन