एक चम्मच घी से तैयार कर सकते हैं खूब समोसे, सीखिए एयर फ्रायर वाली रेसिपी
समोसा एक फेमस इंडियन स्नैक है जिसे आलू-मटर की फिलिंग करने के बाद डीपफ्राई किया जाता है। आप चाहें तो इस टेस्टी स्नैक को एक चम्मच घी के साथ एयर फ्रायर में बना सकते हैं। यहां सीखिए एयरफ्रायर में समोसे बनाने का तरीका।

समोसा का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। ज्यादातर भारतीय लोग शाम की भूख को शांत करने के लिए समोसा खाते हैं। यही वजह है कि आपको हर गली-नुक्कड़ पर एक न एक समोसे की दुकान मिल जाएगी। ये टेस्टी स्नैक आलू और मटर की मसालेदार फिलिंग के साथ तैयार किया जाता है। इसकी बाहरी परत मैदा की होती है। समोसा को डीपफ्राई करके तैयार किया जाता है, इसलिए इसे एक अनहेल्दी स्नैक भी माना जाता है। खासतौर से बाजार में मिलने वाले समोसे को बार-बार इस्तेमाल हो चुके तेल में फ्राई किया जाता है। इस तरह के तेल को हार्ट के लिए अनहेल्दी माना जाता है। ऐसे में सबसे अच्छा है कि आप इस स्नैक को घर पर तैयार करें। अगर आपके पास एयर फ्रायर है तो आप इसे एक चम्मच घी का इस्तेमाल करके भी बना सकते हैं। सीखिए, एयरफ्रायर में समोसे बनाने का तरीका।
कम तेल में समोसा बनाने के लिए आपको चाहिए
समोसे बनाने के लिए गेहूं का आटा, दूध, अजवाइन, नमक, घी, मैश किए हुए आलू,उबली हुई मटर, सौंफ, धनिया पाउडर, काली मिर्च पाउडर, हींग, जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर पाउडर चाहिए।
कम तेल में समोसा बनाने की विधि
इसे बनाने के लिए गेहूं का आटा लें और उसमें अजवाइन, नमक और थोड़ा घी डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। फिर धीरे-धीरे दूध डालकर नरम आटा गूंथ लें। अब एक सूती कपड़ा लें और इसे अच्छे से साफ पानी में भिगोएं और पूरी तरह से निचोड़ लें। इस कपड़े से आटे को कुछ देर के लिए कवर कर दें। जब तक आलू की स्टफिंग तैयार करें। इसके लिए आलू और मटर को उबाल लें। फिर एक कढ़ाई में थोड़ा घी गर्म करें। गर्म घी में नमक, हींग, सौंफ और धनिया डालें अच्छे से मिक्स करने के बाद उबली मटर डालें। फिर मैश किए हुए आलू डालें। अच्छे से मिक्स करें और फिर जीरा पाउडर, काली मिर्च, अमचूर और लाल मिर्च डालकर अच्छी तरह मिला लें। अंत में अमचूर और हरा धनिया डालकर मिक्स कर लें।
अब स्टफिंग ठंडी होने दें। तब तक आटे की छोटी छोटी लोई बना लें। अब एक एक लोई को बेलें फिर इसको बीच से काट लें। अब एक एक हिस्से को लें और एक कोन बनाएं। इस कोन में आलू की स्टफिंग भरें। फिर इसे साइड्स से बंद कर दें। ठीक वैसे ही जैसे समोसे को बंद किया जाता है। अब एयर फ्रायर में रखने से पहले इनमें थोड़ा घी लगाएं और 200 डिग्री सेलसियस पर 30 मिनट के लिए एयर फ्राई करें।
टिप
स्टफिंग में साबुत सौंफ और धनिया को थोड़ा कूट कर डालें, इससे टेस्ट अच्छा आएगा।
स्टफिंग को शाही बनाने के लिए इसमें टुकले वाले काजू और किशमिश का इस्तेमाल करें।
आप चाहें तो आटे की जगह मैदा का इस्तेमाल कर सकते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन