कुकर में एक सीटी लगाकर तैयार होगी पापड़-मटर की सब्जी, नोट करें फटाफट बनने वाली रेसिपी
जब भी आपको ‘खाने में क्या बनाएं’ सवाल का जवाब न मिले तो फटाफट कुकर में एक सीटी लगाकर पापड़-मटर की टेस्टी सब्जी बनाकर तैयार करें। यहां देखिए फटाफट बनने वाली इस सब्जी की रेसिपी।

रोजाना कुछ नया बनाने के लिए महिलाएं बहुत ज्यादा टेंशन में रहती हैं। कुछ का समय तो ‘खाने में क्या बनाएं’ पूछते हुए ही निकल जाता है। जब अंत में महिलाओं को कुछ समझ नहीं आता तो या तो वह दाल बना देती हैं या फिर आलू टमाटर जैसी कोई सब्जी तैयार कर देती हैं। लेकिन अगर आपके घर में चटपटा खाने के शौकीन हैं और आप कुछ अलग बनाना चाहती हैं तो पापड़-मटर की टेस्टी सब्जी बनाकर तैयार करें। कुकर में ये सब्जी सिर्फ एक सीटी आने पर तैयार हो जाती हैं। यहां सीखिए इसे बनाने का तरीका।
पापड़-मटर की सब्जी बनाने की सामग्री
पापड़-मटर की सब्जी बनाने के लिए आपको चाहिए अपनी पसंद के 2 से 3 दाल वाले पापड़, एक कप मटर, दो मीडियम साइज के टमाटर, दो हरी मिर्ची, एक छोटा टुकड़ा अदरक, चार बड़े चम्मच दही, आधा छोटा चम्मच जीरा, आधा छोटा चम्मच हल्दी, आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्ची पाउडर, स्वादानुसार नमक, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, एक चुटकी हींग, एक मुट्ठी हरा धनिया, सरसों का तेल, एक लाल साबुत मिर्च।
पापड़-मटर की सब्जी बनाने की विधि
पापड़-मटर की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले टमाटर को हरी मिर्ची और अदरक के साथ अच्छे से पीच लें। फिर कुकर में तेल को गर्म करने के लिए रख दें। तेल के गर्म होते ही इसमें जीरा, साबुत लाल मिर्ची और हींग डालकर 30 सेकेंड के लिए सेक लें। फिर इसमें टमाटर डालें और थोड़ा नमक डालकर अच्छे से पकाएं। जब तक टमाटर वाले जार में दही को सिर्फ एक बार ब्लेंड कर लें, ताकि वो स्मूद टेक्सचर में आ जाए। अब टमाटर पक गए हों तो आधा छोटा चम्मच हल्दी, आधा छोटा चम्मच धनिया पाउडर, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्ची पाउडर डालें। अच्छे से मिक्स करें और फिर एक मिनट के बाद आंच को बिल्कुल धीमा करें और इसमें दही डालें। अब तब तक पकाएं जब तक की तेल दिखाई न देने लगें। जैसे ही सब्जी में तेल ऊपर दिखने लगे इसमें थोड़ा पानी डालें और फिर मटर और पापड़ के टुकड़े करके डाल दें। कुकर का ढक्कन लगाएं और फिर एक सीटी आने दें। सीटी आने के बाद कुकर ठंडा हो जाए तो ढक्कन खोलें और फिर इसमें गरम मसाला और हरा धनिया डालें। सब्जी तैयार है इसे गरम-गरम रोटी या पराठे के साथ सर्व करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन