इस होली घर पर बनाएं रुई जैसे नरम चटपटे दही भल्ले, मेहमान भी पूछेंगे रेसिपी!
Dahi Bhalla Recipe For Holi Party : सफेद मखमली दही में डूबे, सौंठ की मिठास और तीखी चटनी के जायके से सराबोर ये नर्म भल्ले होली के त्योहार की दोपहर को मुकम्मल बनाते हैं। अगर आप भी इस बार घर पर दही भल्लों बनाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी खास आपके लिए ही है।

रंगों की मस्ती और पकवानों से सजा होली का त्योहार हर मन को उत्साह से भर देता है। चेहरे पर रंग-बिरंगे गुलाल के साथ मुंह में मावा की मिठास घोलती गुजिया, इस त्योहार की खास पहचान है। होली के त्योहार पर लोग अकसर मीठा और तला-भुना खाकर बोर हो जाते हैं। ऐसे में होली पर खासतौर पर बनाए जाने वाले रुई जैसे नरम और चटपटे दही भल्ले जायका बढ़ाने के साथ सीधा रूह को सुकून देते हैं। जी हां, 'दही भल्ले' सिर्फ एक डिश नहीं, बल्कि एक परंपरा हैं- सफेद मखमली दही में डूबे, सौंठ की मिठास और तीखी चटनी के जायके से सराबोर ये नर्म भल्ले होली के त्योहार की दोपहर को मुकम्मल बनाते हैं। अगर आप भी इस बार बाजार जैसा वही 'रुई जैसा सॉफ्ट' टेक्सचर और वो खास चटपटापन घर पर बनाए जाने वाले अपने दही भल्लों में लाना चाहते हैं, तो यह रेसिपी खास आपके लिए ही है।
दही भल्ले बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप धुली उड़द दाल
-2 चम्मच मूंग दाल (ऑप्शनल)
-500 ग्राम दही (गाढ़ा और फेंटा हुआ)
-बारीक कटा अदरक
-हरी मिर्च
-अनार के दाने
-तलने के लिए तेल
मसाले
-भुना जीरा पाउडर
- काला नमक
-लाल मिर्च
-चाट मसाला
-नमक
चटनियां
-इमली की खट्टी-मीठी चटनी और हरी चटनी
दही भल्ले बनाने का तरीका
दही भल्ले बनाने के लिए सबसे पहले दाल तैयार करें। इसके लिए उड़द दाल को अच्छी तरह धोकर लगभग 6 घंटे या रात भर के लिए भिगोकर रख दें। तय समय बाद दाल का पानी निकालकर दाल को मिक्सी में पीस लें। ऐसा करते समय इस बात का ध्यान रखें कि पीसते समय पानी बहुत कम (सिर्फ 1-2 चम्मच) इस्तेमाल करें ताकि पेस्ट गाढ़ा रहे।
2. दाल को फेंटना
अब पिसी हुई दाल को एक बड़े बर्तन में निकालकर उसमें थोड़ा नमक, कद्दूकस किया अदरक और हरी मिर्च काटकर डालने के बाद एक ही दिशा में 5 मिनट तक हाथ से फेंटें। अब एक कटोरी पानी में थोड़ी सी दाल डालकर चेक करें अगर वह तैरने लगे तो समझ जाएं कि भल्ले बनाने के लिए दाल तैयार है और अब भल्ले बिना सोडा के भी सॉफ्ट बनेंगे।
3. भल्ले तलना
अब कढ़ाई में तेल गरम करके गीले हाथों से थोड़ा-थोड़ा मिश्रण लेकर गरम तेल में डालते जाएं। भल्लों को मीडियम आंच पर सुनहरा होने तक फ्राई करें।
4. पानी में भिगोना
एक बड़े बर्तन में हल्का गुनगुना पानी लेकर उसमें थोड़ा नमक और हींग डाल दें। अब तले हुए भल्लों को सीधे इस पानी में 20-30 मिनट के लिए डालकर रखें।
5. प्लेटिंग (Serving)
भल्लों को पानी से निकालकर हथेलियों के बीच धीरे से दबाएं ताकि भल्लों का एक्स्ट्रा पानी निकल जाए। अब एक प्लेट में भल्ले रखकर ऊपर से खूब सारा ठंडा और मीठा दही डालें। इसके बाद ऊपर से इमली की चटनी, हरी चटनी, भुना जीरा, काला नमक और लाल मिर्च छिड़कें। उसके बाद ऊपर से बारीक सेव या अनार के दानों से सजाएं।
भल्लों का स्वाद बढ़ाएंगे ये टिप्स
भल्लों को सुपर सॉफ्ट बनाने के लिए दाल पीसते समय उसमें 1 चम्मच सूजी मिला दें, इससे भल्लों की बनावट बहुत अच्छी बनती है। इसके अलावा दही में थोड़ी सी चीनी मिलाकर उसे अच्छी तरह फेंटने से इसका स्वाद एकदम बाजार जैसा आता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन