बच्चे हैं मोमो के शौकीन तो बनाकर खिलाएं ये वायरल momo पराठा, हर दिन इसी की डिमांड करेंगे!
Viral Momo Paratha Recipe: पराठे तो आपने अलग-अलग तरह के बनाए होंगे लेकिन क्या कभी मोमो पराठा ट्राई किया है? ये रेसिपी काफी वायरल है और यकीन मानिए ये पराठे इतने टेस्टी बनते हैं कि बच्चे रोज-रोज इन्हीं की डिमांड करने वाले हैं।

बच्चों को बाहर का कुछ खिलाते रहो तो वो खुश रहते हैं। वहीं घर का खाना सुनते ही उनका मुंह बन जाता है। ये कहानी घर-घर की है। अब इसका स्मार्ट सॉल्यूशन यही है कि घर के खाने को ही जरा टेस्टी सा ट्विस्ट दिया जाए, ताकि बच्चे बाहर के खाने की डिमांड करें ही ना। आज की रेसिपी भी जरा कुछ ऐसी ही है। पराठे तो आपने अलग-अलग तरह के बनाए होंगे लेकिन क्या कभी मोमो पराठा ट्राई किया है? ये रेसिपी काफी वायरल है और यकीन मानिए ये पराठे इतने टेस्टी बनते हैं कि बच्चे रोज-रोज इन्हीं की डिमांड करने वाले हैं। आपका भी कुछ चटपटा खाने का मन करे तो मोमो पराठे परफेक्ट ऑप्शन हैं। इंस्टाग्राम पर शेफ नेहा और अंशु कुमारी ने इसकी रेसिपी शेयर की है। आइए जानते हैं।
मोमो पराठा बनाने के लिए सामग्री
वायरल मोमो पराठा बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं - गेहूं का आटा, आधी पत्ता गोभी, 1 शिमला मिर्च, 1 गाजर, अदरक, लहसुन और हरी मिर्च (बारीक कटे हुए), प्याज (1 कप), नमक, काली मिर्च पाउडर, सोया सॉस (1 चम्मच), धनिया पत्ता, सफेद तिल, हरा प्याज और तेल।
ऐसे बनाएं चटपटा सा मोमो पराठा
ये वायरल चटपटा मोमो पराठा बनाने के लिए सबसे पहले पत्ता गोभी, शिमला मिर्च और गाजर को अच्छे से धो कर मोटे-मोटे टुकड़ों में काट लें। फिर इन्हें चॉपर की मदद से हल्का बारीक चॉप कर लें। अब एक पैन में हल्का सा तेल गर्म करें, इसमें बारीक कटा हुए अदरक-लहसुन और हरी मिर्च डालकर तड़का लें। इसमें बारीक कटी हुई प्याज एड करें और लगभग दो मिनट के लिए पका लें।
इसके बाद चॉप की हुई सब्जियां एड करें और लगभग 5 मिनट के लिए कुक होने दें। फिर इसमें स्वादानुसार नमक, काली मिर्च का पाउडर और 1 चम्मच सोया सॉस मिक्स कर के दो मिनट तक पकने दें। लास्ट में धनिया पत्ता एड कर के गैस की फ्लेम ऑफ कर दें। पराठे की फिलिंग बनकर तैयार है।
अब गेहूं का नॉर्मल आटा लगा लें। इसे तोड़कर छोटी सी लोई बनाएं और बेल लें। इसमें स्टफिंग भरें, फिर पराठे को मोड़कर तिकोना शेप दें। ऊपर से जरा से सफेद तिल और कटी हुई हरी प्याज लगाएं। फिर हल्के हाथों से बेल लें। गर्म तवे पर पराठा डालें और तेल लगाकर अच्छे से गोल्डन ब्राउन होने तक सेंक लें। आपका चटपटा सा मोमो पराठा बनकर तैयार है। इसे तीखी लाल चटनी और मेयोनीज के साथ सर्व करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन