आपका बच्चा भी शादी-फंक्शन के बाद बीमार पड़ जाता है? बुरी नजर या कुछ और! डॉक्टर ने बताया Doctors Explain Why Kids Become Irritable or Feverish After Weddings and Gatherings, पेरेंटिंग टिप्स - Hindustan
More

आपका बच्चा भी शादी-फंक्शन के बाद बीमार पड़ जाता है? बुरी नजर या कुछ और! डॉक्टर ने बताया

शादी या किसी फंक्शन से लौटने के बाद कई बार बच्चे चिड़चिड़े हो जाते हैं या उन्हें बुखार आ जाता है। क्या सच में नजर लगना इसकी वजह है या बच्चे के इस बदले हुए व्यवहार के पीछे कोई और कारण छिपा होता है? चलिए जानते है क्या है इसकी वजह।

Mon, 23 Feb 2026 05:12 PMAnmol Chauhan लाइव हिन्दुस्तान
share
आपका बच्चा भी शादी-फंक्शन के बाद बीमार पड़ जाता है? बुरी नजर या कुछ और! डॉक्टर ने बताया

शादी-विवाह या किसी फंक्शन से लौटने के बाद कई बार बच्चे चिड़चिड़े हो जाते हैं या उन्हें हल्का बुखार आ जाता है। ऐसे में अक्सर लोगों को कहते सुना जाता है कि बच्चे को जरूर नजर लग गई होगी। घर के बड़े भी यही मान लेते हैं कि ज्यादा तारीफ या लोगों की नजर की वजह से बच्चा बीमार पड़ा है। लेकिन क्या सच में नजर लगना इसकी वजह है, या बच्चे के इस बदले हुए व्यवहार के पीछे कोई और कारण छिपा होता है? बाल रोग विशेषज्ञ डॉ संतोष यादव ने इसके बारे में अपनी राय दी है। चलिए जानते है क्या है इसकी वजह।

फंक्शन में बच्चे के साथ क्या होता है

डॉ संतोष यादव बताते हैं कि शादी या बड़े कार्यक्रमों में माहौल सामान्य दिनों से बिल्कुल अलग होता है। वहां तेज म्यूजिक, तेज रोशनी और बहुत ज्यादा भीड़ होती है। कई लोग बच्चे को गोद में लेते हैं, कोई कसकर गले लगाता है, कोई प्यार में जोर से पकड़ लेता है। कुछ लोग बच्चे से ऊंची आवाज में बात करते हैं या उसे उछाल देते हैं। छोटे बच्चे के लिए यह सब एक साथ बहुत ज्यादा हो जाता है। बच्चे का दिमाग और शरीर अभी इतने शोर और हलचल को संभालने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं होता। इसी वजह से वह ओवर स्टिमुलेट हो जाता है।

ओवर स्टिमुलेशन का असर

डॉक्टर के अनुसार जब बच्चा जरूरत से ज्यादा स्ट्रेस महसूस करता है तो उसके शरीर में स्ट्रेस हार्मोन निकलते हैं। इससे बच्चा असहज और बेचैन हो जाता है। वह ज्यादा रोने लगता है, ठीक से सो नहीं पाता और मां से अलग नहीं होना चाहता। अगले 24 से 48 घंटों तक उसका व्यवहार बदला हुआ रह सकता है। कई बार उसे हल्का बुखार भी हो जाता है। यह नजर की वजह से नहीं बल्कि शरीर की थकान और तनाव की वजह से होता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बेटी का नाम रखना है खास? भगवान कृष्ण से जुड़े 10+ यूनिक नामों की लिस्ट देखें!
ये भी पढ़ें:क्या बच्चों को भी वही टूथपेस्ट दे सकते हैं जो बड़े यूज करते हैं?

इंफेक्शन भी हो सकता है कारण

डॉ संतोष यादव यह भी बताते हैं कि फंक्शन में बहुत लोग आते हैं। किसी को सर्दी, खांसी या वायरल इंफेक्शन हो सकता है। जब ऐसे लोग बच्चे के संपर्क में आते हैं तो इन्फेक्शन फैल सकता है। छोटे बच्चों की इम्युनिटी वैसे भी काफी कम होती है, जिस वजह से वे जल्दी बीमार पड़ सकते हैं। इसलिए फंक्शन के बाद बुखार आना या बच्चा ज्यादा रोना कोई असामान्य बात नहीं है। इसे नजर से जोड़ना सही नहीं है।

माता-पिता क्या ध्यान रखें

डॉक्टर की सलाह है कि बच्चे को फंक्शन में ले जाते समय सावधानी रखें। हर किसी को बच्चे को गोद में देने की जरूरत नहीं है। अगर बच्चा थका या परेशान लगे तो उसे शांत जगह पर ले जाकर आराम दें। अगर बच्चे को बुखार आए या वह बहुत ज्यादा असहज लगे तो घबराने के बजाय उसकी देखभाल करें और जरूरत पड़े तो डॉक्टर से संपर्क करें।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सावधान! क्या आपके गर्भ में पल रहा शिशु 'कुपोषण' का शिकार तो नहीं? डॉक्टर से जाने

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।