सोते समय आई मास्क लगाने से स्किन पर क्या असर पड़ता है? डॉक्टर से जानें
सोते समय आई मास्क पहनना आजकल आम हो गया है, लेकिन क्या यह स्किन के लिए सुरक्षित है? जानें डॉक्टर Anindita Sarkar से इसके फायदे, नुकसान और इस्तेमाल के सही तरीके।

आजकल अच्छी और गहरी नींद पाने के लिए आई मास्क का इस्तेमाल काफी ट्रेंड में है। कई लोग इसे अपने बेडटाइम रूटीन का हिस्सा बना चुके हैं, क्योंकि यह रोशनी को ब्लॉक करके आरामदायक माहौल बनाता है और जल्दी नींद आने में मदद करता है। खासतौर पर ट्रैवल या ज्यादा रोशनी वाले माहौल में यह काफी उपयोगी माना जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि पूरी रात आई मास्क पहनकर सोना आपकी स्किन, खासकर आंखों के आसपास की नाजुक त्वचा पर क्या असर डाल सकता है?
डर्मेटोलॉजिस्ट Anindita Sarkar के अनुसार, आई मास्क आंखों के आसपास एक 'गर्म और बंद वातावरण' (microenvironment) बना देता है, जो कुछ मामलों में फायदेमंद तो होता है, लेकिन स्किन पर असर भी डाल सकता है।
स्किन पर आई मास्क का क्या असर पड़ता है?
आंखों के आसपास की त्वचा बहुत पतली और नाजुक होती है, इसलिए यह जल्दी रिएक्ट करती है। जब आप 6–8 घंटे तक आई मास्क पहनते हैं, तो इससे कुछ समस्याएं हो सकती हैं।
- जलन और रेडनेस (Irritation): अगर आई मास्क बहुत टाइट है या उसका मैटेरियल खुरदुरा है तो इससे स्किन पर रगड़ लगती है। इससे लाल निशान, जलन और खुजली हो सकती है। सिंथेटिक या खराब क्वालिटी के मास्क से यह समस्या ज्यादा होती है।
- हाइपरपिग्मेंटेशन (Hyperpigmentation): आई मास्क का लगातार रगड़ना और इलास्टिक बैंड का दबाव स्किन के रंग पर असर डाल सकता है। इससे आंखों के आसपास कालापन बढ़ सकता है। डार्क स्किन टोन वाले लोगों में यह समस्या ज्यादा देखी जाती है।
- एलर्जिक रिएक्शन (Allergic Reactions): कुछ लोगों को आई मास्क से एलर्जी भी हो सकती है। इसका कारण डाई, खुशबू, लेटेक्स या मेटल पार्ट्स हो सकते हैं। लक्षणों में खुजली, सूजन, लालपन और स्किन का छिलना शामिल है।
- इरिटेंट कॉन्टैक्ट डर्मेटाइटिस: अगर आप आई मास्क को साफ नहीं रखते, तो उसमें पसीना, तेल और डिटर्जेंट के अवशेष जमा हो सकते हैं। इससे स्किन में जलन और इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।
- मिलिया (छोटे सफेद दाने): Anindita Sarkar बताती हैं कि कुछ लोगों में आई मास्क के कारण मिलिया (छोटे सफेद दाने) हो सकते हैं। यह तब होता है जब त्वचा के नीचे केराटिन फंस जाता है।
क्या आई मास्क पूरी तरह खराब है?
ऐसा नहीं है कि आई मास्क पूरी तरह नुकसानदायक है। सही तरीके से इस्तेमाल करने पर यह फायदेमंद भी हो सकता है।
- यह नींद को बेहतर बनाता है,
- आंखों को आराम देता है और
- लाइट ब्लॉक करके गहरी नींद में मदद करता है।
सुरक्षित तरीके से कैसे इस्तेमाल करें?
अगर आप आई मास्क का इस्तेमाल करना चाहती हैं, तो इन बातों का ध्यान रखें:
- सॉफ्ट और कॉटन या सिल्क मैटेरियल का मास्क चुनें
- बहुत टाइट मास्क ना पहनें
- नियमित रूप से मास्क को धोएं
- फ्रेग्रेंस-फ्री और स्किन-फ्रेंडली प्रोडक्ट चुनें।
नोट: आई मास्क नींद के लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल स्किन को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए जरूरी है कि आप सही मैटेरियल और साफ-सफाई का ध्यान रखें। अगर कोई भी समस्या दिखे, तो डॉक्टर से सलाह जरूर ले लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन