क्या बढ़ते प्रदूषण में बाहर वॉक पर जा सकते हैं? कार्डियोलॉजिस्ट ने बताया सही समय
कार्डियोलॉजिस्ट डॉ हेमंत मदान कहते हैं कि प्रदूषण के दौरान वॉक करना शरीर के लिए एक टॉक्सिक एक्टिविटी हो सकती है। वॉक के जो भी फायदे होते हैं, उससे कहीं ज्यादा नुकसान हो सकता है। उन्होंने वॉक के लिए सही टाइम भी बताया है, आइए जानते हैं।

सुबह की सैर के फायदे हम सभी जानते हैं। तभी तो बड़े-बुजुर्ग आज भी सुबह होते ही पार्क और गलियों में टहलने के लिए निकल पड़ते हैं। ओवरऑल फिट और हेल्दी रहने के लिए ये एक अच्छी आदत है। लेकिन सर्दियां शुरू होती ही, कन्फ्यूजन शुरू हो जाती है कि सुबह वॉक पर जाएं या नहीं। बाहर की जहरीली हवा में निकलना तो कहीं से भी हेल्दी नहीं लगता। एचटी लाइफस्टाइल से बातचीत के दौरान सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ हेमंत मदान कहते हैं कि प्रदूषण के दौरान वॉक करना शरीर के लिए एक टॉक्सिक एक्टिविटी हो सकती है। वॉक के जो भी फायदे होते हैं, उससे कहीं ज्यादा नुकसान हो सकता है। उन्होंने वॉक के लिए सही टाइम भी बताया है, आइए जानते हैं।
पलूशन में खतरनाक हो सकती है वॉक
कार्डियोलॉजिस्ट डॉ हेमंत कहते हैं कि वॉक करते हुए प्रदूषित हवा में सांस लेना, आपके लिए फायदे की जगह नुकसानदायक हो सकता है क्योंकि इससे फेफड़ों का कामकाज प्रभावित होता है और ओवरऑल कार्डियोवैस्कुलर हेल्थ पर असर पड़ता है। मोटे तौर पर देखें तो वॉक का उद्देश्य हार्ट और श्वसन प्रक्रिया को हेल्दी रखना होता है। लेकिन जब हवा में जहरीले कणों की मात्रा बढ़ जाती है, तो सांस लेने में दिक्कत, फेफड़ों में जलन और हृदय पर अतिरिक्त दवाब पड़ने लगता है। यही वजह है कि वॉक का कोई फायदा भी नहीं मिलता, उल्टा नुकसान झेलना पड़ सकता है।
भूलकर भी इस समय वॉक ना करें
डॉक्टर कहते हैं कि सुबह जल्दी और देर शाम, उत्तर भारत में पलूशन पीक पर होता है। ऐसे में अगर आप इन दो समय किसी भी आउटडोर एक्टिविटी जैसे वॉक में शामिल होते हैं, तो फायदे की जगह नुकसान के ज्यादा चांस होते हैं। ऐसा कर के आप अपनी कार्डियोवैस्कुलर और रेस्पिरेटरी (श्वसन) हेल्थ पर बेवजह का स्ट्रेस डाल रहे होते हैं।
वॉक करने के लिए सही समय क्या रहेगा?
अगर आप बाहर वॉक करना पसंद करते हैं, तो दिन में कुछ ऐसे समय भी हैं, जब पलूशन का लेवल काफी कम होता है। डॉ हेमंत कहते हैं कि आप दोपहर 11:30 से 12 का टाइम चुन सकते हैं, वहीं शाम की वॉक के लिए 3:30 से 4 बजे का समय अच्छा रहता है। ये वो समय है, जब हवा में सांस लेना थोड़ा आसान होता है और पलूशन की मात्रा कम होती है। इस दौरान मौसम हल्का गर्म भी होता है, जिससे पसीना जल्दी आता है और एक्सरसाइज बेहतर तरीके से काम करती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन