रोटी पर घी लगाकर खाना हेल्दी है या शुगर, कोलेस्ट्रॉल बढ़ाता है? डॉक्टर से जानें फायदे-नुकसान!
कुछ लोगों का मानना है कि रोटी पर घी लगाकर खाने से ताकत आती है, तो वहीं कुछ को लगता है कि इससे कोलेस्ट्रॉल और हार्ट की बीमारियां बढ़ती हैं। अब सवाल है कि क्या वाकई रोटी पर घी लगाकर खाना हेल्दी है या नहीं? आइए जानते हैं इसपर डॉक्टर की क्या राय है।

रोटी भारतीय खानपान का अहम हिस्सा है। ज्यादातर भारतीय दिन में एक ना एक बार तो रोटी खाते ही हैं। इसमें भी ज्यादातर लोग रोटी पर थोड़ा सा देसी घी चुपड़ कर खाना पसंद करते हैं। इससे रोटी और भी ज्यादा टेस्टी लगती है और कई लोगों का मानना है कि ये ज्यादा हेल्दी भी हो जाती है। दरअसल इसे ले कर लोगों की राय हमेशा से ही अलग-अलग रही है। कुछ लोगों का मानना है कि रोटी पर घी लगाकर खाने से ताकत आती है, तो वहीं कुछ को लगता है कि इससे कोलेस्ट्रॉल और हार्ट की बीमारियां बढ़ती हैं। अब सवाल है कि क्या वाकई रोटी पर घी लगाकर खाना हेल्दी है या नहीं? किन लोगों को घी वाली रोटी से सख्त परहेज करना चाहिए और इसके फायदे-नुकसान क्या हैं? आइए जानते हैं इसपर डॉक्टर की क्या राय है।
क्या रोटी पर घी लगाकर खाना चाहिए?
रोटी पर देसी घी लगाकर खाना हेल्दी है या नहीं, इस विषय पर गेस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट डॉ योकेश ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपनी राय साझा की है। डॉक्टर कहते हैं कि ज्यादातर लोग गेहूं की रोटी खाते हैं, जो कार्ब्स का मुख्य सोर्स होती है। नॉर्मल प्रॉसेस देखें तो ये पचने के बाद ग्लूकोज बनाती है। लेकिन जब आप रोटी पर थोड़ा सा देसी घी लगा लेते हैं, तो ये ज्यादा फायदेमंद हो जाती है। क्योंकि घी में मौजूद हेल्दी फैट्स गैस्ट्रिक एम्प्टीइंग (पेट खाली होने की प्रक्रिया) को धीमा करते हैं।
रोटी पर घी लगाने के क्या-क्या फायदे होते हैं?
डॉ योकेश बताते हैं कि रोटी पर घी लगाकर खाने से गैस्ट्रिक एम्प्टीइंग यानी पेट खाली होने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है। इससे ब्लड शुगर लेवल धीरे-धीरे बढ़ता है और इंसुलिन स्पाइक कंट्रोल में रहता है। अगर आप रोटी पर घी लगाकर खाते हैं तो आपका पेट भी लंबे समय तक भरा हुआ रहता है और भूख जल्दी नहीं लगती। घी आंतों को भी लुब्रिकेट करता है, जिससे कब्ज में भी राहत मिलती है। यह शरीर को ऊर्जा भी देता है और विटामिन्स के अवशोषण में मदद करता है।
किन लोगों को रोटी पर घी लगाकर नहीं खाना चाहिए?
डॉक्टर के मुताबिक रोटी पर थोड़ी मात्रा में देसी घी लगाकर खाना आमतौर पर फायदेमंद होता है। वो राजस्थान का उदाहरण देते हुए कहते हैं कि वहां के लोगों में डायबिटीज के केस काफी कम होते हैं और वो काफी फिट भी होते हैं। लेकिन अगर आपको कोलेस्ट्रॉल की समस्या है या कोई भी हार्ट संबंधी प्रॉब्लम है, तो रोटी पर घी लगाकर खाना अवॉइड करें।
कितनी मात्रा में घी लगाकर सही है?
घी अगर सीमित मात्रा में खाया जाए तो ये काफी फायदेमंद होता है। इसलिए बहुत ज्यादा घी लगाकर ना खाएं। आमतौर पर एक हेल्दी व्यक्ति के लिए रोजाना 1-2 चम्मच देसी घी पर्याप्त माना जाता है। अगर आप दिनभर में बाकी दूसरे फैट्स जैसे मक्खन या तेल भी रहे हैं, तो इनकी मात्रा बैलेंस रखें।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन