सस्ती हुई गाजर को 6 महीने के लिए कर लें स्टोर, सिंपल है तरीका, गर्मी में खा पाएंगे गाजर का हलवा
गाजर का हलवा खाना हर किसी को पसंद होता है लेकिन गाजर सिर्फ सर्दियों में मिलती है। सर्दियां खत्म होते ही गाजर भी बाजार से छूमंतर हो जाती है। अगर आप सालभर हलवे का स्वाद लेना चाहते हैं, तो गाजर को स्टोर करने का सिंपल तरीका जान लें।

सर्दी के मौसम में गोभी, गाजर, मटर से बनी सब्जी, हलवा और पराठा खाना हर किसी को पसंद होता है। गोभी और मटर की सब्जी हो या फिर गाजर का टेस्टी हलवा लोग बड़े चाव से खाते हैं। गाजर का हलवा ज्यादातर लोगों को पसंद होता है और लोग इसे बार-बार खा सकते हैं। लेकिन सर्दियां खत्म होने को हैं और अब गाजर का सीजन भी जाने वाला है। ऐसे में अगर आप सालभर या महीनों तक गाजर का हलवा खाना चाहते हैं, तो उसे स्टोर करने का सिंपल तरीका जान लीजिए। गर्मियों में गाजर की शक्ल भी देखने को नहीं मिलेगी और अगर आप उसे अपने पास स्टोर करके रखते हैं, तो अपने मन मुताबिक हलवा या अचार कभी भी बनाकर खा सकते हैं। चलिए आज आपको बताते हैं गाजर को स्टोर करने का स्मार्ट और ईजी हैक।
साफ करें गाजर
सबसे पहले आपको गाजर पानी से अच्छे से धो लेनी है। आप किचन के सिंक में गाजर को रखें और नल खोलकर पानी से उसे अच्छे से रगड़कर साफ करें। कई बार गाजर के डंठल में मिट्टी लगी होती है। धोने के बाद गाजर की ऊपरी परत यानी छिलका छीलकर हटाएं। इससे गाजर बिल्कुल साफ हो जाएगी। इसके बाद गाजर को लंबे या छोटे पीस में काट लें, इससे रखने में आसानी होगी।
नमक वाला पानी
अगर आपको बड़े भगोने में पानी भरें और उसमें नमक डाल दें। जब पानी खौल जाए, तब इसमें कटी हुई गाजर को डालें और 2-3 मिनट तक उबलने दें। तब तक दूसरे भगोने या तसले में बर्फ का पानी भरकर रखें और गाजर को गर्म पानी से निकालकर सीधा बर्फ वाले पानी में डाल दें। अब गाजर को 2 मिनट तक इसी में ठंडा होने दें और फिर इसे बाहर निकालकर किसी तौलिया या पेपर पर फैलाएं। 2-3 घंटे तक गाजर को ऐसे ही छोड़ दें, जिससे इसका पानी पूरी तरह से सूख जाए।
स्टोर कैसे करें
जब गाजर पूरी तरह से सूख जाए, तब इसे एक ट्रे में भरकर फ्रिजर में 1-2 घंटे के लिए रखें। आप 2 घंटे बाद देखेंगे कि गाजर बिल्कुल सख्त हो चुकी है। अब इसे जिप लॉक बैग में भरकर बंद करें। फिर इस बैग को फ्रिजर या फ्रिज में ही स्टोर करने के लिए रख दें। आपकी गाजर 6 महीने या सालभर के लिए आसानी से स्टोर रहेगी। आप जब मन करें इसे निकालकर नॉर्मल होने के लिए बाहर करें और फिर इसका हलवा बनाकर खाएं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन