घंटों का काम मिनटों में! मेथी साफ करने के लिए अपनाएं ये आसान किचन हैक्स
Hacks To Clean Methi Leaves : किचन के कुछ ऐसे हैक्स, जो ना सिर्फ मेथी साफ करने में आपकी मदद करेंगे बल्कि आपका घंटों का काम मिनटों में करके खत्म कर देंगे। आइए जानते हैं मेथी साफ करने के क्या हैं ऐसे स्मार्ट किचन हैक्स।

सर्दियों के मौसम में आलू, गोभी, मूली जैसी सब्जियों के साथ मेथी के पराठे भी बेहद पसंद किए जाते हैं। मेथी के पत्ते ना सिर्फ खाने में बेहद स्वादिष्ट होते हैं बल्कि सेहत को भी कई गजब के फायदे देते हैं। हालांकि सेहत और स्वाद में बेहतरीन होने के बावजूद कई महिलाएं इस सब्जी को घर लाने से कतराती रहती हैं, वजह है इसके पत्ते साफ करने में लगने वाली घंटों की मेहनत। मेथी की एक-एक पत्ती चुनना न सिर्फ थकाऊ होता है बल्कि व्यस्त सुबह में यह किसी पहाड़ चढ़ने से कम मुश्किल नहीं लगता है। अगर आप भी अपनी रसोई में मेथी की सब्जी को जगह देने से सिर्फ इस वजह से कतराती रहती हैं तो आपको कुछ स्मार्ट किचन हैक्स ट्राई करने की जरूरत हैं। किचन के कुछ ऐसे हैक्स, जो ना सिर्फ मेथी साफ करने में आपकी मदद करेंगे बल्कि आपका घंटों का काम मिनटों में करके खत्म कर देंगे। आइए जानते हैं मेथी साफ करने के क्या हैं ऐसे स्मार्ट किचन हैक्स।
मेथी साफ करने के लिए अपनाएं स्मार्ट किचन हैक्स
बड़े छेद वाली छलनी का उपयोग
ज्यादातर लोग आज भी घरों में मेथी साफ करने के लिए उसका हाथ से एक-एक डंठल पकड़कर तोड़ते हैं, जिसमें समय बहुत खराब होता है। इस प्रकिया को आसान बनाने के लिए प्लास्टिक या स्टील की एक ऐसी छलनी लें, जिसके छेद थोड़े बड़े हों। मेथी की एक डंडी लें और उसके निचले हिस्से को छलनी के छेद के अंदर डालें। अब छलनी के दूसरी तरफ (नीचे की ओर) से उस डंठल को पकड़कर जोर से खींच लें। जैसे ही आप डंठल खींचेंगे, सारी पत्तियां छलनी के ऊपर रह जाएंगी और साफ डंठल आपके हाथ में बाहर आ जाएगा।
मेथी की गड्डी को बिना खोले काटें
यदि आपको मेथी बहुत बारीक चाहिए, तो पूरी गड्डी को बिना खोले जड़ की तरफ से रबर बैंड सहित पकड़ें और चाकू से ऊपर का मोटा हिस्सा काट दें। फिर पूरी गड्डी को एक नजर मारकर एक साथ बारीक काट लें।
धोने का सही तरीका
मेथी को हमेशा काटने से पहले धोएं और उसे 5 मिनट के लिए नमक के पानी में भिगो दें। इससे मिट्टी पूरी तरह निकल जाएगी और मेथी कड़वी भी नहीं लगेगी।
ताजगी बनाए रखें
अगर मेथी ज्यादा आ गई है, तो इसे साफ करके पेपर टॉवल में लपेटकर एयरटाइट कंटेनर में रखें। यह एक हफ्ते तक ताजी बनी रहेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन