तवे पर एक साथ दो से तीन रोटी बनाने का तरीका जान लें, समय और गैस दोनों बचेंगी
Save LPG: सिलेंडर खत्म होने के करीब है और अभी तक रिफिल नहीं हो पाया है। ऐसे में गैस बचाने की ट्रिक तो हर महिला के दिमाग में आ रही होगी। घर में हर सदस्य के लिए रोटी बनानी है तो इस ट्रिक को जान लें। जिससे एक साथ आप दो रोटी सेंककर गैस और समय दोनों बचा सकती हैं।

गैस सिलेंडर खत्म होने का डर बना हुआ है। इस चक्कर से कम से कम कुकिंग करने की कोशिश हो रही। लेकिन सबसे ज्यादा गैस खर्च होती है रोटी बनाने में। तो अगर आपके घर में भी बगैर रोटी के काम नहीं चलता तो इस हैक को जरूर याद रखें। वैसे तो रोटी बनाने की ये कला काफी पुरानी है। दादी-नानी के जमाने में भी समय और मेहनत बचाने के लिए महिलाएं इस तरह से रोटी बनाती थीं। और अब, आप गैस बचाने के लिए रोटी बनाने के इस तरीके को फॉलो कर सकते हैं। जानें कैसे तवे पर एक साथ दो से तीन रोटियों को सेंका जा सकता है।
एक बार में दो से तीन रोटी कैसे बनाएं
- सबसे पहले नॉर्मल रोटी का आटा गूंथ लें।
- अब लोईयां बना लें। जितनी मोटी-पतली रोटी आपके घर में खाई जाती है, वैसे ही लें।
- बस लोईयों को सूखा आटा लगाकर एक साथ रख लें। पहले हाथ से गोल-गोल घुमाते हुए सेट कर लें। जिससे बेलते समय साथ में आसानी से बेलन घूम सके।
- अब बेलन की मदद से लोईयों को बेलकर रोटी बना लें। दोनों लोई को साथ में रखकर बेलने से दोनों रोटियां आपस में चिपकी हुई लगेंगी।
- गैस पर तवे को रखकर गर्म होने दें। उतनी देर में रोटी को तैयार कर लें।
- जब तवा गर्म हो जाए तो साथ में चिपकी और तैयार रोटी को तवे पर डाल दें। थोड़ी देर में तवे पर सिंक रही रोटी में हल्के निशान दिखना शुरू हो जाएंगे।
- बस इस स्टेज पर रोटी पलट दें। दूसरे साइड से भी रोटी को सिंक जाने दें और इस बीच दूसरी दो रोटी को इसी तरह से बेलकर रख लें।
- एक बार जब रोटी का कच्चापन खत्म होगा तो दोनों रोटियां अपने आप ही एक दूसरे को छोड़ देंगी। बस अब आपको ऊपर वाली रोटी को उठाना है और गैस पर डायरेक्ट उस साइड से रखें जिधर की तरफ कम सेंका है। वहीं दूसरी रोटी का साइड बदलकर उसे तवे पर ही छोड़ दें। ऐसा करने से एक रोटी तवे पर ही फूल जाएगी और दूसरी गैस पर सिंक जाएगी।
- इस ट्रिक से आप एक बार में दो रोटी बिना ज्यादा समय गंवाएं बनाकर तैयार कर लेंगी। साथ ही इससे दो अलग-अलग रोटियों को गैस पर और तवे पर सिंकने की भी बचत होगी।
- अब आप फटाफट दो रोटी एक साथ सेंककर घरवालों को खिला सकते हैं।
इसी ट्रिक से बनाएं पराठा
दो लोई को बेलकर रोटी का शेप देने के साथ बीच में अगर थोड़ा सा घी या तेल लगा दिया जाए और फिर तवे पर इन्हें फटाफट दोनों साइड से घी या तेल से सेंक ले तो आपके पराठे बनकर रेडी हो जाएंगे। जल्दी-जल्दी और फटाफट पराठा बनाने का ये तरीका भी आपकी गैस खर्च को कम करने में मदद करेगा। पराठा बनाने का ये तरीका भी दादी-नानी के जमाने का है, जिसे आप ट्राई कर सकती हैं।

ये हैक भी कर सकती हैं ट्राई
वैसे अगर आपको साथ में दो रोटी बनाने वाला तरीका आसान नहीं लग रहा तो अपने बड़े साइज के तवे पर थोड़े छोटे साइज की दो रोटियों को रखें और इन्हें सिंकने दें। इस तरह भी आप आसानी से दो रोटियां साथ में बना सकेंगी और गैस बचा सकेंगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन