अचार खराब होने का डर भूल जाइए! बनारसी लाल मिर्च के अचार वाला स्वाद देंगे ये टिप्स
Hacks To Make Red Chilli Pickle More Tasty : अचार को अगर सही तरीके और सब्र से बनाया जाए तो वह सालों तक अपनी ताजगी और स्वाद को बरकरार रखता है। तो लाल मिर्च के अचार की हर बाइट में बनारसी स्वाद भरने के लिए आइए जानते हैं क्या हैं दादी-नानी के असरदार टिप्स।

सर्दियों की गुनगुनी धूप में कांच की शीशी में भरकर सुखाई गई मोटी लाल मिर्च और उनमें ठसाठस भरा चटपटा मसाला, सादे दाल-चावल या पराठे के स्वाद को भी राजसी बना देता है। लाल मिर्च का भरवा अचार सिर्फ खाने का हिस्सा नहीं, बल्कि बचपन की उन यादों जैसा भी लगता है, जहां धूप लगाने के लिए घर की छत में रखी गई मोटी लाल मिर्च के अचार की बर्नी से आती मसालों की खुशबू से पूरा घर महका करता था। अचार को अगर सही तरीके और सब्र से बनाया जाए तो वह सालों तक अपनी ताजगी और स्वाद को बरकरार रखता है। तो लाल मिर्च के अचार की हर बाइट में बनारसी स्वाद भरने के लिए आइए जानते हैं क्या हैं दादी-नानी के असरदार टिप्स।
भरवा लाल मिर्च के अचार का स्वाद बढ़ाएंगे ये टिप्स
1. मिर्च को धूप दिखाना- मिर्च धोने के बाद उन्हें कम से कम 3-4 घंटे की तेज धूप जरूर दिखाएं। ऐसा करने से मिर्च की नमी खत्म होती है और अचार खराब नहीं होता। इसके अलावा मिर्च के बीज और गूदा निकालकर मसाले में मिला लें। इससे मसाला मिर्च के अंदर तक अच्छी तरह भर जाता है।
2. मसाले का 'सीक्रेट' कॉम्बिनेशन- मिर्च के अचार का स्वाद बढ़ाने के लिए उसमें मसालों का सही अनुपात बनाए रखें। अचार में असली स्वाद उसमें डाली जाने वाली सौंफ और पीली सरसों से आता है। इन्हें हल्का भूनकर दरदरा पीसने के बाद ही डालें। खटास के लिए अच्छी क्वालिटी का अमचूर पाउडरया थोड़ा नींबू का रस भी मिला सकते हैं। अचार में कलौंजी और अजवाइन डालते समय इस बात का खास ख्याल रखें कि इन दोनों चाजों को कभी भी पीसकर अचार में ना डालें। वरना अचार कड़वा हो सकता है।
3. तेल का सही इस्तेमाल- मिर्च का अचार बनाने के लिए उसमें कभी भी कच्चा तेल न डालें। अचार में हमेशा सरसों के तेल को धुआं निकलने तक गर्म करके पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही मसालों में मिलाएं। गर्म तेल में थोड़ी हींग डालने से खुशबू और पाचन दोनों बेहतर होते हैं।
4. अचार भरने का तरीका- मसाले में थोड़ा सा तेल मिलाकर उसे 'गीली रेत' जैसा बना लें। मिर्च के अंदर मसाले को अंगूठे या किसी चम्मच की डंडी से दबा-दबाकर भरें। अगर मसाला ढीला रहेगा, तो मिर्च सिकुड़ जाएगी।
5. सूती कपड़ा - अचार भरने के बाद जार के मुंह पर एक पतला सूती कपड़ा बांधकर उसे 4-5 दिन तक धूप में रखें। इससे मसालों का स्वाद मिर्च के रेशों में गहराई तक समा जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन