हरी मटर को स्टोर करते समय ना करें ये गलतियां, 2 दिन में सड़कर हो जाएगी खराब
Hari Matar Store Karne Ka Sahi Tarika : आप भी अगर गर्मियों के लिए 5 से 10 किलो मटर पहले से ही स्टोर करके रखना चाहती हैं तो भूलकर भी ये 5 गलतियां ना करें। इन गलतियों की वजह से आपकी स्टोर की हुई मटर दो से तीन दिन में ही सड़कर खराब हो सकती है।

सर्दियों के मौसम में कई ऐसी सब्जियां हैं, जिनका स्वाद गर्मियों में चखने को नहीं मिलता है। लेकिन परिवार में सबकी पसंदीदा होने की वजह से घर की महिलाएं सीजन खत्म होने से पहले ही उन्हें साल भर के लिए स्टोर करके रख लेती हैं। ताकि इनका स्वाद और पोषक तत्व आपको पूरे साल मिल सके। ऐसी ही सब्जियों में हरी मटर का नाम भी शामिल है। गर्मियों में मटर खाने के शौकीन लोग अकसर फ्रोजन मटर का इस्तेमाल करते हैं, जो महंगी होने के साथ फ्रेश मटर वाला स्वाद भी नहीं देती है। ऐसे में आप भी अगर गर्मियों के लिए 5 से 10 किलो मटर पहले से ही स्टोर करके रखना चाहती हैं तो भूलकर भी ये 5 गलतियां ना करें। इन गलतियों की वजह से आपकी स्टोर की हुई मटर दो से तीन दिन में ही सड़कर खराब हो सकती है। आइए जानते हैं वो कौन सी 5 गलतियां हैं, जो मटर स्टोर करते समय करने से बचना चाहिए।
मटर स्टोर करते समय भूलकर भी ना करें ये 5 गलतियां
गलत मटर का चुनाव
कई बार लोगों को इस बात की सही जानकारी नहीं होती कि मटर को स्टोर करने के लिए उन्हें किस तरह की मटर बाजार से खरीदकर लानी चाहिए। बहुत ज्यादा पकी, पीली या बहुत छोटी और कच्ची मटर स्टोर करने के लिए कभी ना खरीदें। इस बात का ध्यान रखें कि पकी हुई मटर सख्त हो जाती है और कच्ची मटर स्टोर करने से गलकर चिपचिपी हो जाती है। इसलिए मटर हमेशा मीडियम साइज वाली गहरे हरे और मीठे दाने वाली ही स्टोर करने के लिए चुनें। मटर के दानों को दबाकर देखें, वे ठोस होने चाहिए।
मटर को सीधा फ्रीजर में स्टोर न करें
अक्सर लोग मटर छीलकर सीधे पैकेट में भरकर फ्रीजर में रख देते हैं। लेकिन मटर स्टोर करने का यह बिल्कुल गलत तरीका है। बिना उबली हुई मटर के एंजाइम्स एक्टिव रहते हैं, जिससे उसका स्वाद फीका और रंग पीला पड़ जाता है। मटर को 2 मिनट के लिए उबलते पानी में डालकर तुरंत ठंडे पानी में डाल दें।
मटर पानी सही से न सुखाना
मटर को पानी से निकालने के बाद अगर सही तरह से सुखाकर स्टोर ना करके पैक कर दिया जाए, तो वह दो दिन में ही नमी से खराब हो जाएगी। इस तरह स्टोर की हुई मटर फ्रीजर में डालने पर अपने चारों ओर बर्फ की परत बना देती है, जिससे मटर आपस में चिपककर सूखने लगती है।
सूती कपड़े
ब्लांचिंग के बाद मटर को एक सूती कपड़े पर फैलाकर करीब 2 घंटे के लिए पंखे के नीचे छोड़ दें। मटर का पानी पूरी तरह सूखने के बाद ही मटर को स्टोर करें।
साधारण प्लास्टिक की थैली यूज करने से बचें
अगर आप मटर को स्टोर करने के लिए सब्जी वाली ही पन्नी का इस्तेमाल करने लगते हैं तो ऐसी गलती करने से भी बचें। सब्जी की इन थैलियों में हवा अच्छी तरह पास नहीं होती है। जिससे फ्रीजर बर्न होता है और मटर सूखकर बेस्वाद हो जाती है। मटर स्टोर करने के लिए किसी अच्छे जिप-लॉक बैग या एयरटाइट कंटेनर का यूज करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन