बर्तन धोने के लिए खरीद लिया है डिशवॉशर? तो इस्तेमाल करने का सही तरीका भी जान लीजिए
आजकल बर्तनों को धोने के लिए डिशवॉशर मशीन आ चुकी है और लोग इसका इस्तेमाल भी कर रहे हैं। अब बर्तन धोने के लिए कामवाली के भरोसे आपको नहीं बैठना पड़ेगा। बस आपको डिशवॉशर में बर्तन धोने का सही तरीका पता होना चाहिए।

आजकल हर चीज के लिए मशीन चल चुकी है। महिलाओं को अब घंटों तक हाथ से काम करने की जरूरत नहीं है और न ही ज्यादा मेहनत की। जैसे कपड़े धोने के लिए मशीन आ चुकी है वैसे ही बर्तन धोने की भी मशीन मार्केट में मौजूद है। इसे डिशवॉशर मशीन कहा जाता है और इसमें आपके स्टील, क्रॉकरी, कांच, फाइबर सभी तरह के बर्तन आसानी से धुल जाएंगे। बस डिशवॉशर इस्तेमाल करने का सही तरीका आपको पता होना चाहिए। वरना मशीन के खराब होने का डर रहेगा और बर्तन भी गंदे रह जाएंगे। चलिए बताते हैं डिशवॉशर का इस्तेमाल कैसे करें?
कैसे करें इस्तेमाल-
डिशवॉशर का इस्तेमाल करना ज्यादा मुश्किल नहीं है, बस आपके बर्तन सही तरीके से सेट होने चाहिए और मशीन फ्रेंडली भी होने चाहिए। चलिए आपको स्टेप बाई स्टेप पूरी जानकारी देते हैं।
1- बर्तन कैसे होने चाहिए- डिशवॉशर में आप कांच, स्टील, फाइबर के बर्तनों को आसानी से रख सकती हैं। बस प्लास्टिक के बर्तनों को रखने से पहले चेक कर लें कि वह मशीन फ्रेंडली है या नहीं। मशीन में बर्तन गर्म पानी में भी धुलते हैं, ऐसे में प्लास्टिक के बर्तन खराब हो सकते हैं।
2- बर्तन सेट करें- डिशवॉशर में कई सेक्शन दिए गए हैं, जिसमें आप बर्तनों को सेट कर सकते हैं। चम्मच, ग्लास, बाउल, प्लेट, बड़ी ट्रे, कढ़ाही, तवा सब सेट करने के लिए स्पेस मिलेगी। इसके साथ ही सभी बर्तनों को उल्टा करके रखना है। किसी भी बर्तन को सीधा न रखें, वरना वो गंदे रह जाएंगे।
3- जूठन साफ करें- बर्तनों को डिशवॉशर में डालने से पहले आपको खाने की जूठन पूरी तरह से साफ करनी होगी। जूठन अगर बर्तनों में लगी रहेगी, तो सारी गंदगी डिशवॉशर के पाइप में जाएगी और फिर मशीन जाम हो जाएगी। इसलिए बर्तनों को एक पानी से धोकर ही डिशवॉशर में सेट करें।
4- फिल्टर चेक करें- डिशवॉशर में एक जाली वाला फिल्टर भी लगा होता है, बर्तन धोने से पहले उसे चेक और साफ करें। अगर उसमें किसी भी तरह की गंदगी-कूड़ा फंसा है, तो उसे क्लीन करें। वरना बर्तन अच्छे से साफ नहीं होंगे और वही गंदगी उनमें लग जाएगी।
5- लिक्विड यूज न करें- डिशवॉशर में बर्तनों को धोने के लिए अलग से साबुन वाली टिक्की आती है, उसका इस्तेमाल ही करना है। विम डिटर्जेंट या लिक्विड का इस्तेमाल नहीं करना है। मशीन वाले साबुन को सेट करें और मशीन बंद कर दें।
6- बेसिन के पास सेट करें मशीन- डिशवॉशर वाली मशीन वैसे तो आप कही भी लगा सकती हैं, जहां पानी की सुविधा हो। लेकिन किचन अगर मॉडर्न है, तो सिंक के पास ही लगाएं। ऐसे पानी भी नल से मिलेगा और बर्तनों को धोकर आप डिशवॉशर में आसानी से लगा लेंगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन