महीनेभर तक भी मलाई में नहीं आएगी बदबू, घी भी निकलेगा ज्यादा! जान लें स्टोर करने का तरीका
Malai Storing Tips: कई बार दो-तीन दिन बाद ही मलाई में अजीब सी बदबू आने लगती है। चलिए आज कुछ टिप्स जानते हैं, जिनकी मदद से इकट्ठा की हुई मलाई लंबे समय तक फ्रेश रहेगी।

दूध से मलाई हर घर में निकाली जाती है। गृहणियां अक्सर कई दिनों तक थोड़ी-थोड़ी मलाई इकट्ठा करती रहती हैं, जिससे बाद में मक्खन या देसी घी बनाया जाता है। हालांकि मलाई को काफी दिनों तक स्टोर करना थोड़ा मुश्किल होता है। कई बार दो-तीन दिन बाद ही मलाई में अजीब सी बदबू आने लगती है। इससे घी या मक्खन बनाते हुए भी बहुत तेज स्मेल आती है और मलाई में अजीब सा खट्टापन भी आ जाता है। अगर आपकी मलाई के साथ भी अक्सर यही होता है तो चलिए आज कुछ टिप्स जानते हैं, जिनकी मदद से इकट्ठा की हुई मलाई लंबे समय तक फ्रेश रहेगी। इसके मलाई में खट्टापन और अजीब सी स्मेल भी नहीं आएगी और आप आराम से इसका देसी घी या मक्खन बना पाएंगी।
हाथ से नहीं, चम्मच से मलाई निकालें
ये गलती ज्यादातर गृहणियां करती हैं। वो अक्सर दूध से मलाई निकालने में अपने हाथों का इस्तेमाल करती हैं। जबकि ऐसा बिल्कुल भी नहीं करना चाहिए। दरअसल दूध काफी जल्दी खराब होता है, इसलिए हमेशा चम्मच का इस्तेमाल करें। ये छोटी सी टिप आपकी मलाई को लंबे समय तक फ्रेश रखेगी।
मलाई के साथ दूध ना हो
कई बार मलाई के साथ थोड़ा सा दूध भी आ जाता है, जिसे आप स्टोर कर लेती हैं। इस वजह से पूरी मलाई जल्दी खराब होने लगती है। ध्यान रखें मलाई जब भी निकालें, उसमें बिल्कुल भी दूध ना आए। इसके लिए दूध को छानकर मलाई अलग निकाल लें, फिर उसे डब्बे में स्टोर करें। इससे मक्खन भी ज्यादा निकलेगा और मलाई फ्रेश भी रहेगी।
मलाई को हमेशा ढककर स्टोर करें
मलाई लंबे समय तक फ्रेश रहे, इसके लिए उसे हमेशा किसी डब्बे में ही स्टोर करें। किसी बर्तन में रख भी रही हैं, तो उसे ढककर स्टोर रखें। सबसे बेहतर होगा कि आप मलाई रखने के लिए कांच या स्टील के डब्बे का इस्तेमाल करें। प्लास्टिक का कंटेनर है, तो चेक कर लें कि वो फूड ग्रेड प्लास्टिक का ही होना चाहिए।
बर्तन में हल्की सी दही लगा दें
मलाई में बदबू ना आए, इसके लिए ये एक छोटी सी टिप जरूर आजमाएं। जिस भी बर्तन में मलाई इकट्ठा कर रही हैं, उसमें अच्छे से थोड़ी सी दही लगा दें, फिर मलाई स्टोर करना शुरू करें। ऐसा करेंगी तो आपकी मलाई लंबे समय तक एकदम फ्रेश बनी रहेगी।
हमेशा फ्रीजर में स्टोर करें मलाई
मलाई महीने तक भी खराब नहीं होगी, अगर आप इसे फ्रीजर में स्टोर कर के रखेंगी। इसके बाद जब भी मलाई इस्तेमाल करनी हो, उसे रूम टेंपरेचर पर थोड़ी देर सॉफ्ट होने दें, फिर यूज करें। इस मलाई से घी भी बहुत ज्यादा मात्रा में निकलता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन