बाजार जैसा सॉफ्ट पनीर बनाने के लिए नींबू से न फाड़े दूध, शेफ पारुल बोलीं- बस 2 चम्मच पानी मिलाकर...
मिलावटी पनीर खाना नहीं चाहते हैं, तो घर पर बाजार जैसा पनीर बनाएं। शेफ पारुल ने डेयरी जैसा पनीर बनाने का सीक्रेट बता दिया है। अब पनीर बिल्कुल सॉफ्ट और स्वादिष्ट बनेगा।

पनीर भारतीय त्योहारों और खास मौकों का अहम हिस्सा है। बिना पनीर के शादी नहीं होती और कोई फेस्टिवल भी नहीं होता। पनीर से कई तरह की रेसिपी बनकर तैयार हो जाती है और ये काफी स्वादिष्ट भी होती है। लेकिन बाजार में पनीर मिलावटी मिल रहा है, ऐसे में इसे खाकर बीमार भी हो सकते हैं। अगर आप बाजार का मिलावटी पनीर खाने से बचना चाहते हैं, तो घर पर ही सॉफ्ट-स्वादिष्ट पनीर बनाकर तैयार कर सकते हैं। बस पनीर बनाने आप जब दूध फाड़ेंगे, तब नींबू नहीं मिलाना है। शेफ पारुल का कहना है कि नींबू मिलाने से पनीर बाजार जैसा नहीं बनेगा। चलिए बताते हैं आपको मार्केट जैसा पनीर बनाने का तरीका।
बाजार जैसा पनीर कैसे बनाएं
स्टेप 1- बाजार जैसा पनीर बनाने के लिए सबसे पहले आपके भगोने में थोड़ा पानी डालकर इसी में फुल फैट क्रीम वाला (2 लीटर) दूध डालना है। अब इस दूध को तेज आंच पर पकने के लिए गैस पर रख दें और बीच-बीच में चम्मच से चलाते रहें। दूध जब पक जाए, तब इसे गैस से उतार लें।
स्टेप 2- अब दूध को फाड़ने के लिए नींबू नहीं सिरका मिलाना होगा लेकिन दूसरे तरीके से। एक कटोरी लें इसमें 3 चम्मच सिरका डालें और आधा कप पानी मिला दें। अब 2-2 चम्मच कर सिरके वाला पानी दूध में डालें और एक ही डायरेक्शन में दूध चलाएं।
स्टेप 3- फिर आप देखेंगे कि पनीर दूध से फटकर अलग हो जाएगा। अब इसमें आपको ठंडा पानी डाल देना है। फिर कॉटन का कपड़ा लें और सारा पनीर उसी में रख लें, पानी को छान दें। अब पनीर की पोटली बनाएं और उस पर हल्के हाथ से नॉट बांध दें।
स्टेप 4- पनीर वाली पोटली पर एक थाली पलटकर रखें और फिर कोई दूसरा वजन वाला सामान जैसे सिल, कोई भारी डिब्बा रखकर उसे दबा दें। अब इसे 25-30 मिनट तक छोड़ दीजिए, न इससे ज्यादा छोड़ेंगे और न ही कम। बस इस तरह से आपका बाजार जैसा पनीर बन जाएगा।
पनीर है तैयार
जब आप वजन हटाएंगे, तो देखेंगे कि बिल्कुल परफेक्ट-सॉफ्ट पनीर बनकर तैयार है। अब इसे स्लाइस में काटकर किसी बर्तन में पानी में डुबोकर रखें। ऐसे रखने से आप पनीर को 1 हफ्ते तक फ्रिज में स्टोर कर सकते हैं, ये खराब नहीं होगा। फिर पनीर की रेसिपी बनाकर खाएं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन