करी पत्ते का पौधा घना नहीं होता? माली करते हैं ये 5 देसी जुगाड़, तभी हरा-भरा उगता है!
कई बार ऐसा होता है कि हम पौधा तो लगा देते हैं, पर या तो वो बहुत धीरे बढ़ता है या सिर्फ लंबा हो जाता है, घना नहीं होता। अगर आप थोड़ी सी सही देखभाल और कुछ आसान घरेलू तरीकों को अपनाते हैं, तो आपका करी पत्ता का पौधा बहुत तेजी से बढ़ सकता है।

करी पत्ता कई तरह से फायदेमंद है। ये खाने के टेस्ट को तो बढ़ाता ही है साथ ही औषधीय गुणों से भरपूर भी होता है। ऐसे में ये पौधा आपको कई घरों में देखने को मिल जाएगा। हालांकि घर में लगा करी पत्ता का पौधा तभी अच्छा लगता है जब वह हरा-भरा, घना और नई पत्तियों से भरा हो। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि हम पौधा तो लगा देते हैं, पर या तो वो बहुत धीरे बढ़ता है या सिर्फ लंबा हो जाता है, घना नहीं होता। सही देखभाल की कमी इसकी सबसे बड़ी वजह होती है। अगर आप थोड़ी सी सही देखभाल और कुछ आसान घरेलू तरीकों को अपनाते हैं, तो आपका करी पत्ता का पौधा बहुत तेजी से बढ़ सकता है और उसमें नई कोपलें भी जल्दी आने लगती हैं। चलिए जानते हैं कुछ आसान से हैक्स जिन्हें आजमा कर आप करी पत्ते का हेल्दी प्लांट घर में उगा सकते हैं।
पर्याप्त धूप देना बहुत जरूरी है
करी पत्ते का पौधा धूप पसंद करता है, इसलिए इसे ऐसी जगह रखें जहां रोज कम से कम 6 से 8 घंटे धूप मिल सके। अगर आप इसे बालकनी या छत पर रखते हैं तो बेहतर रहेगा। ध्यान रखें कि पौधे की मिट्टी पूरी तरह सूखी भी ना रहे और उसमें पानी भरा भी ना रहे। मिट्टी में हल्की नमी बनी रहनी चाहिए। साथ ही गमले में पानी निकलने की अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए ताकि जड़ें खराब न हों। सही धूप और सही पानी का बैलेंस मिलने से प्लांट अच्छे से ग्रो कर सकेगा।
चावल का पानी बढ़ाता है ग्रोथ
चावल का पानी करी पत्ते के पौधे के लिए एक आसान और असरदार घरेलू उपाय है। इसके लिए एक कप चावल को लगभग एक घंटे पानी में भिगोकर रखें और फिर उस पानी को पौधे की मिट्टी में डाल दें। इस पानी में ऐसे पोषक तत्व होते हैं जो जड़ों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। अगर आप यह काम हर 7 से 10 दिन में करते हैं तो पौधे की ग्रोथ में फर्क साफ दिखाई देने लगेगा और पत्तियां भी हेल्थी दिखने लगेंगी।
छाछ या दही से पौधा रहता है हरा-भरा
अगर आप चाहते हैं कि आपका करी पत्ता का पौधा ज्यादा हरा और ताजा दिखे तो खट्टी दही या छाछ का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए एक चम्मच दही या छाछ को एक लीटर पानी में अच्छी तरह मिलाएं। फिर इस पानी को पत्तियों पर हल्का स्प्रे करें और थोड़ा सा जड़ों में भी डाल दें। ऐसा करने से मिट्टी में अच्छे सूक्ष्मजीव एक्टिव होते हैं, जो पौधे की ग्रोथ को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। इस प्रक्रिया को लगभग 20 से 25 दिन में एक बार करना काफी होता है।
किचन वेस्ट से बनाएं नेचुरल फर्टिलाइजर
घर की रसोई से निकलने वाले फल और सब्जियों के छिलके भी आपके करी पत्ते के पौधे के काम आ सकते हैं। इन छिलकों को रातभर पानी में भिगोकर रखें और सुबह उस पानी को छानकर पौधे में डाल दें। यह पानी एक नेचुरल लिक्विड फर्टिलाइजर की तरह काम करता है और पौधे को जरूरी पोषण देता है। इससे पौधे की मिट्टी भी उपजाऊ बनी रहती है और पत्तियों की ग्रोथ में भी सुधार होता है।
प्रूनिंग करने से पौधा बनता है घना
अगर आपका पौधा सिर्फ ऊपर की ओर बढ़ रहा है और उसमें घनापन नहीं आ रहा है, तो हल्की प्रूनिंग जरूर करें। यानी टहनियों के ऊपरी हिस्से को थोड़ा-थोड़ा काट दें। इसके बाद मिट्टी में वर्मी कंपोस्ट या गोबर की खाद डाल दें। कुछ ही दिनों में आप देखेंगे कि जहां से कटिंग की गई थी वहां से नई टहनियां और पत्तियां निकलने लगती हैं। इससे पौधा लंबा होने के साथ-साथ घना भी बनता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन