एलर्जी का डर होगा खत्म, घर पर 3 तरह से बनाएं सुर्ख लाल आल्ता
Tips To Make Home Made Alta At Home : त्योहार की रौनक उस समय फीकी पड़ जाती है, जब बाजार में मिलने वाले सिंथेटिक कलर्स और केमिकल वाली मेहंदी- आल्ता स्किन एलर्जी का कारण बनने लगते हैं। अगर आप भी कई बार केमिकल के डर से अपनी परंपराओं से समझौता करने लगते हैं, तो अब ऐसा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

रमजान की ईद हो या होली का उत्सव, कोई भी त्योहार घर की महिलाओं के शृंगार के बिना पूरा नहीं माना जाता है। भारत में त्योहारों से पहले हाथ-पैरों पर मेहंदी-आल्ता लगाने की परंपरा सदियों पुरानी है। महिलाओं के इस शृंगार का संबंध सौभाग्य और शुभता से जुड़ा हुआ माना जाता है। लेकिन त्योहार की रौनक उस समय फीकी पड़ जाती है, जब बाजार में मिलने वाले सिंथेटिक कलर्स और केमिकल वाली मेहंदी- आल्ता स्किन एलर्जी का कारण बनने लगते हैं। अगर आप भी कई बार केमिकल के डर से अपनी परंपराओं से समझौता करने लगते हैं, तो अब ऐसा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप अपनी स्किन को सॉफ्ट और खूबसूरत बनाए रखते हुए घर पर ही रसोई में मौजूद कुछ चीजों से बड़ी आसानी से आल्ता तैयार कर सकती हैं। जो आपको बिना किसी साइड इफेक्ट के बाजार जैसा लाल सुर्ख रंग देगा। आइए जानते हैं घर बैठे कैसे बनाएं बाजार जैसा लाल सुर्ख आल्ता।
घर पर आल्ता बनाने के कुछ सबसे आसान और प्रभावी तरीके
1. कुमकुम और गुलाब जल
यह आल्ता बनाने का सबसे सरल और अच्छा तरीका है। इस तरह से बनाए गए आल्ते का रंग बहुत गहरा आता है। आल्ता बनाने के लिए आपको कुमकुम पाउडर, गुलाब जल और थोड़ा से ग्लिसरीन की जरूरत होगी। सबसे पहले एक छोटी कटोरी में कुमकुम लेकर उसमें धीरे-धीरे गुलाब जल मिलाते हुए एक गाढ़ा पेस्ट बनाकर तैयार कर लें।अब इसमें 2-3 बूंद ग्लिसरीन मिला दें। इस तरह से तैयार किए गए आल्ते का रंग लंबे समय तक टिका रहता है और त्वचा सॉफ्ट बनी रहती है। आपका होममेड आल्ता बनकर तैयार हो चुका है।
2. चुकंदर का आल्ता
अगर आप आल्ता लगाने के लिए पूरी तरह से प्राकृतिक और ऑर्गेनिक विकल्प चाहती हैं, तो चुकंदर आपकी मदद कर सकता है। इसके लिए आपको जरूरत होगी 1 बड़े चुकंदर और थोड़े से पानी की। इस उपाय को करने के लिए चुकंदर को कद्दूकस करके थोड़े से पानी के साथ उबालें जब तक कि पानी गहरा लाल न हो जाए। अब इस मिश्रण को छान लें। छानने के बाद बचे हुए लाल पानी को गाढ़ा होने तक और पकाएं। ठंडा होने पर इसे इस्तेमाल करें।
3. गुड़ और सिंदूर से बना आल्ता
आल्ता बनाने का यह तरीका ना सिर्फ काफी पुराना है बल्कि फेमस भी है। इस तरह से बनाए गए आल्ता का रंग हाथ-पैरों पर बहुत पक्का चढ़ता है। इन चीजों से आल्ता बनाने के लिए आपको थोड़ा सा गुड़, सूखा सिंदूर और पानी लेना होगा। अब पानी में गुड़ डालकर अच्छी तरह घोल लें। इसके बाद गुड़ वाले पानी में सूखा सिंदूर मिलाएं। गुड़ की चिपचिपाहट के कारण यह आल्ता पैरों पर बहुत अच्छे से चिपकता है और जल्दी छूटता भी नहीं है।
आल्ता लगाते समय इन बातों का भी रखें ध्यान
पैच टेस्ट- यूं तो आल्ता बनाने के लिए सभी प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल किया गया है। बावजूद इसके इसे स्किन पर लगाने से पहले इसका पैच टेस्ट जरूर कर लें।
स्टोरेज- चुकंदर से बने आल्ता को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए फ्रिज में स्टोर करें।
चमक के लिए- आल्ता लगाने के बाद जब वह सूख जाए, तो उस पर हल्का सा नारियल तेल लगाने से उसकी चमक बढ़ जाती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन