दादी-नानी के नुस्खे: बिना केमिकल के बालों को रखें हेल्दी और डैंड्रफ-फ्री
डैंड्रफ से छुटकारा पाने के लिए लोग कई तरह के शैम्पू और प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करते हैं, लेकिन दादी-नानी के नुस्खे आज भी उतने ही असरदार हैं। यह आसान घरेलू उपाय स्कैल्प को साफ कर रूसी कम करने में मदद करता है।

आजकल डैंड्रफ यानी रूसी की समस्या बहुत आम हो गई है जिससे ना सिर्फ बालों की खूबसूरती कम होती है बल्कि स्कैल्प में खुजली और जलन भी होने लगती है। लोग इससे छुटकारा पाने के लिए महंगे शैम्पू और केमिकल प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कई बार इनका असर ज्यादा समय तक नहीं टिकता।
ऐसे में दादी-नानी के पुराने घरेलू नुस्खे एक सुरक्षित और असरदार विकल्प साबित हो सकते हैं। पहले के समय में लोग महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल नहीं करते थे, बल्कि घर में मौजूद चीजों से ही बालों की देखभाल करते थे। दही और मेथी का यह नुस्खा ऐसा ही एक पुराना और असरदार उपाय है, जो आज भी उतना ही फायदेमंद माना जाता है।
दही के फायदे
दही में लैक्टिक एसिड होता है, जो स्कैल्प को साफ करने में मदद करता है। यह डेड स्किन को हटाता है और स्कैल्प को ठंडक देता है। इससे खुजली और रूसी कम हो सकती है।
मेथी दाना क्यों है जरूरी?
मेथी दाना में एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं। यह स्कैल्प पर फंगस को कम करने में मदद करता है और बालों को मजबूत बनाता है। साथ ही यह बालों में चमक भी लाता है।
कैसे तैयार करें यह नुस्खा?
सबसे पहले 2-3 चम्मच मेथी दाना पाउडर लें। अब इसमें एक कटोरी दही मिलाएं। इस मिश्रण को अच्छे से मिक्स करें और लगभग 1 घंटे के लिए छोड़ दें, ताकि मेथी अच्छे से फूल जाए।
कैसे करें इस्तेमाल?
इस तैयार पेस्ट को अपने स्कैल्प और बालों में अच्छी तरह लगाएं। 20-30 मिनट तक इसे लगा रहने दें। इसके बाद हल्के गुनगुने पानी से बाल धो लें। जरूरत हो तो हल्का शैम्पू भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
कितनी बार करें इस्तेमाल?
बेहतर परिणाम के लिए इसे हफ्ते में 1-2 बार इस्तेमाल करें। कुछ ही दिनों में आपको फर्क नजर आने लगेगा।
और क्या फायदे मिलते हैं?
- बालों की जड़ों को मजबूत बनाता है
- स्कैल्प को ठंडक देता है
- बालों को सॉफ्ट और शाइनी बनाता है
- हेयर फॉल कम करने में मदद करता है।
ध्यान रखने वाली बातें
अगर आपको दही या मेथी से एलर्जी है, तो इस नुस्खे को अपनाने से पहले सावधानी रखें। इसे आंखों में जाने से भी बचाएं।
नोट: दादी का यह आसान नुस्खा ना सिर्फ डैंड्रफ को कम करता है, बल्कि बालों को हेल्दी और मजबूत भी बनाता है। नेचुरल तरीके से बालों की देखभाल के लिए यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है। हालांकि घरेलू नुस्खों के साइड इफेक्ट्स ना के बराबर होते हैं लेकिन आपकी स्कैल्प स्किन सेंसेटिव है या कोई हेयर ट्रीटमेंट ले रहे हैं तो पहले एक्सपर्ट से सलाह जरूर ले लें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन