होली पर अड्डाबाजी, हुड़दंग और नशापान से रहें दूर, नहीं तो…; रांची पुलिस की चेतावनी
रंगों के त्योहार होली पर शहर में पुलिस की हुड़दंगियों पर विशेष नजर रहेगी। शांतिपूर्ण माहौल में होली पर्व को संपन्न कराने को लेकर पुलिस के स्तर से तैयारी शुरू कर दी गई है।

रंगों के त्योहार होली पर रांची शहर में पुलिस की हुड़दंगियों पर विशेष नजर रहेगी। शांतिपूर्ण माहौल में होली पर्व को संपन्न कराने को लेकर पुलिस के स्तर से तैयारी शुरू कर दी गई है। इसी के मद्देनजर रविवार को सुखदेवनगर, पंडरा ओपी, हिंदपीढ़ी समेत कई अन्य थानों में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता संबंधित थाना के प्रभारियों ने किया।
हुड़दंग और अड्डाबाजी से बनाएं दूरी
थानेदारों ने समिति के सदस्यों से होली पर हुड़दंग करने वालों की जानकारी देने व सद्भाव के साथ होली संपन्न कराने को लेकर योगदान करने का आह्वान किया। कहा गया कि त्योहार में अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। अवांछित तत्वों की अड्डेबाजी होती दिखे तो थाना को तत्काल सूचना दें।
नशापान से रहें दूर, नहीं तो होगी धरपकड़
बैठक में समिति के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से कई मुहल्ले और चौक-चौराहों पर विशेष नजर रखने का आग्रह किया। वहीं, मुख्य मार्ग पर नशापान कर तेज रफ्तार में दो और चार पहिया वाहनों के चालक पर भी कड़ी कार्रवाई को कहा गया। अवैध शराब बिक्री करने वालों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाने को भी कहा गया। महिलाओं-युवतियों से अभद्रता करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।
होली का त्योहार रंग और उल्लास का प्रतीक है, लेकिन अड्डाबाजी, हुड़दंग और अत्यधिक नशापान इसकी खुशी को नुकसान पहुंचा सकते हैं। नशे की हालत में झगड़े, सड़क दुर्घटनाएं, छेड़छाड़ और हिंसा जैसी घटनाएं बढ़ जाती हैं। कई बार मामूली कहासुनी गंभीर विवाद में बदल जाती है। सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान, तेज रफ्तार ड्राइविंग और जहरीली शराब के सेवन से जान का खतरा भी पैदा हो सकता है।
त्योहार का असली आनंद संयम और जिम्मेदारी में है। प्रशासन की सख्ती से पहले हमें खुद सजग होना चाहिए। नशे और हुड़दंग से दूर रहकर ही सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल बनाया जा सकता है। अपने परिवार, दोस्तों और समाज की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और होली को खुशियों का पर्व बनाए रखें, न कि परेशानी का कारण।




साइन इन