झारखंड SIR की अनमैप्ड सूची घर बैठे देख सकेंगे, जान लें क्या है प्रॉसेस
एसआईआर के लिए वैसे वोटर जिनकी मैपिंग 2003 के वोटर लिस्ट से नहीं हुई है, उन्हें अब नहीं भटकना होगा। कई बूथों के लगातार बंद होने की सूचना पर डीसी ने संज्ञान लेते हुए अनमैप्ड वोटरों की ऑनलाइन सूची प्रकाशित कर दी गई है।

एसआईआर के लिए वैसे वोटर जिनकी मैपिंग 2003 के वोटर लिस्ट से नहीं हुई है, उन्हें अब नहीं भटकना होगा। कई बूथों के लगातार बंद होने की सूचना पर डीसी ने संज्ञान लेते हुए अनमैप्ड वोटरों की ऑनलाइन सूची प्रकाशित कर दी गई है। अब घर बैठे अपने मोबाइल पर लोग अनमैप्ड मतदाता सूची में अपने नाम को ढूंढ़ सकते हैं। बता दें कि बूथ पर बीएलओ के नहीं मिलने की खबर को आपके अपने लोकप्रिय अखबार हिन्दुस्तान ने 25 मई और 26 मई को लगातार दो दिन प्रकाशित किया था। खबर पर संज्ञान लेते हुए डीसी ने अनमैप्ड मतदाताओं की सूची ऑनलाइन प्रकाशित करने का आदेश दिया है।
मैपिंग कार्यों में तेजी लाने और इसे अपडेट करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार 23 मई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत मैपिंग के लिए अनमैप्ड मतदाताओं की सूची का प्रकाशन किया गया है।
ऑनलाइन कैसे देखें अनमैप्ड वोटर की सूची
https://ceojh.jharkhand.gov.in/mrollpdf1/aceng1.aspx पर ऑनलाइन भी देखी जा सकती हैं। वेबसाइट को खोलने के बाद झारखंड अनमैप्ड वोटर लिस्ट में अपने जिले, धनबाद, का चयन करना है। इसके बाद विधानसभा का चयन करना है। विधानसभा का चयन करने के बाद पार्ट में बूथ नंबर अंकित करना है। यह जानकारी देने के बाद कैप्चा कोड प्रवेश करना है। कैप्चा कोड प्रवेश करने के बाद संबंधित बूथ के अनमैप्ड वोटर की लिस्ट पीडीएफ फॉर्मेट में देखी जा सकती है। इसे डाउनलोड भी किया जा सकता है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी अनमैप्ड मतदाताओं से अनुरोध किया है कि वे अपने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संपर्क कर अपना मैपिंग अवश्य करा लें।
ऐसे ढूंढ़ें बीएलओ का नाम व मोबाइल नंबर
जिले का कोई भी मतदाता अपने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) का नाम और मोबाइल नंबर ऑनलाइन भी ढूंढ़ सकते हैं। इसे ढूंढ़ने की प्रक्रिया बहुत ही सरल है। इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी आदित्य रंजन ने बताया कि कोई भी मतदाता मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखंड की वेबसाइट ceo.jharkhand.gov.in पर जाकर अपने बीएलओ का नाम व मोबाइल नंबर ढूंढ़ सकते हैं। वेबसाइट खुल जाने के बाद ऑप्शंस में जाकर कांटेक्ट्स में जाना है। कांटेक्ट्स में बीएलओ पर क्लिक करना है। तत्पश्चात अपने विधानसभा का नाम चयन करना है। विधानसभा का नाम चयन करते ही उस विधानसभा के सभी मतदान केंद्रों के बीएलओ का नाम एवं मोबाइल नंबर प्रदर्शित हो जाएगा।
निर्देश: रिजर्व शिक्षक बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ें
जनगणना कार्य में नियुक्त कुछ शिक्षक अपने कार्यस्थल पर मौजूद नहीं हैं। इससे जनगणना कार्य प्रभावित हो रहा है। उप जनगणना पदाधिकारी सह डीईओ अभिषेक झा ने इससे संबंधित निर्देश शिक्षकों के व्हाट्सएप ग्रुप में जारी किया है। डीईओ अभिषेक झा ने कहा है कि अविलंब अपने चार्ज अधिकारी को रिपोर्ट करें। जनगणना के प्रथम चरण का कार्य समय से पूर्ण करें। रिजर्व शिक्षक भी अपने चार्ज पदाधिकारी से बिना अनुमति लिए मुख्यालय प्रस्थान नहीं करेंगे। शिक्षक जनगणना कार्य के दौरान स्वास्थ्य का ख्याल रखेंगे। खाली पेट बाहर न निकलें, साथ में पानी, ग्लूकोज इत्यादि रखें, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।




साइन इन