Bakerid 2026 Peace and Safety Measures Discussed in Sahibganj District निर्णय: बकरीद पर ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, Sahibganj Hindi News - Hindustan
More

निर्णय: बकरीद पर ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

साहिबगंज में बकरीद 2026 पर शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक बैठक आयोजित की गई। डीसी दीपक कुमार दूबे ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान सुरक्षा और नागरिकों की सुविधा प्राथमिकता होगी। बैठक में विभिन्न उपायों जैसे मजिस्ट्रेट की तैनाती, अवैध शराब पर रोक और सोशल मीडिया पर निगरानी की चर्चा की गई।

Thu, 21 May 2026 10:26 PMNewswrap हिन्दुस्तान, साहिबगंज
share
निर्णय: बकरीद पर ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

साहिबगंज। बकरीद 2026 पर जिले में शांति, सौहार्द व विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में डीसी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में जिले के विभिन्न प्रशासनिक पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, नगर निकाय, विद्युत , पेयजल , स्वास्थ्य , अग्निशमन , परिवहन , उत्पाद सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे। डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा, अफवाह अथवा विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। बैठक में डीसी ने सर्वप्रथम जिले के सभी थाना क्षेत्रों के तहत नमाज अदा किए जाने वाले स्थानों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि एसडीओ व बीडीओ अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें। सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां ड्रोन कैमरा व सीसीटीवी कैमरा से विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। डीसी ने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों के साथ नियमित संवाद स्थापित रखें ताकि किसी भी प्रकार की गलतफहमी अथवा विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। जिला नियंत्रण कक्ष को 24×7 सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता गौतम भगत, आइटीडीए परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य आदि मौजूद थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बकरीद पर गाइडलाइन जारी, सोशल मीडिया से बचें

पर्याप्त मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की होगी तैनाती

डीसी ने पर्व के दौरान सभी प्रमुख चौक-चौराहों, ईदगाहों, मस्जिदों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति के निर्देश दिये। त्योहार के दौरान युवाओं द्वारा बाइक पर खतरनाक व अनियंत्रित ड्राइविंग करने पर भारी जुर्माना लगाने तथा संबंधित वाहनों को तत्काल जब्त करने का निर्देश दिया गया।

असामाजिक तत्वों को किया जाएगा बांड डाउन

डीसी ने निर्देश दिया कि बीएनएसएस के तहत असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर थाना स्तर से एसडीओ न्यायालय को प्रतिवेदन भेजा जाए ताकि समय पर बांड डाउन की प्रक्रिया पूरी कराई जा सके।

अवैध शराब बिक्री पर चलेगा अभियान

उत्पाद अधीक्षक व अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पर्व से तीन दिन पहले से ही अवैध शराब एवं बढ़ते अन्य नशों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाकर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाए।

सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर

बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया। डीसी ने स्पष्ट कहा कि व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक अथवा अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के विरुद्ध कठोरतम निरोधात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चलेगा विशेष सफाई अभियान

बैठक में साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई। डीसी ने तीनों नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ईदगाहों, मस्जिदों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए ।ब्लीचिंग पाउडर का भी छिड़काव किया जाएगा।

निर्बाध होगी बिजली आपूर्ति

पेयजल विभाग को सभी क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विद्युत बोर्ड के अभियंताओं को विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

मुस्तैद रहेगी मेडिकल टीम

बकरीद पर डीसी ने एम्बुलेंस व आवश्यक दवाओं के साथ विशेष मेडिकल टीम को मुस्तैद रखने का निर्देश दिया। पर्व के दौरान सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सदर अस्पताल में आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही।

सतर्क रहेगा अग्निशमन विभाग

बकरीद पर अग्निशमन विभाग को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। डीसी ने कहा कि पर्व के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई के लिए फायर टेंडर (अग्निशमन वाहन) एवं आवश्यक उपकरणों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए ।

नोट: उपरोक्त खबरों को एकसाथ देना है।

--------------------------------------------

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।