दुमका में अभिषेक चौरसिया तो कोडरमा में साजिद ने मारी बाजी; झारखंड में नगर निकाय चुनाव के परिणाम घोषित
नगर निगम चुनाव में राजनीतिक दलों के चुनावी चिन्हों पर चुनाव नहीं लड़ा गया, लेकिन उम्मीदवारों को राजनीतिक दलों का समर्थन प्राप्त है। चुनाव 23 फरवरी को हुए थे, जिसमें कुल 43 लाख मतदाताओं में से 63 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

झारखंड नगर निकाय चुनाव के कई जिलों के परिणाम की शुक्रवार को घोषणा कर दी गई। दुमका नगर परिषद के चुनाव में झामुमो के कार्यकर्ता रहे अभिषेक चौरसिया ने दो पूर्व नगर परिषद अध्यक्षों को पछाड़ कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। नगर परिषद के घोषित चुनाव परिणाम के अनुसार अभिषेक चौरसिया अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अजय कुमार झा को 667 मतों के अंतर से हराकर निर्वाचित घोषित किए गए। अभिषेक को कुल 6781 मत प्राप्त हुए। जबकि दूसरे स्थान पर अजय कुमार झा रहे, जिन्हें 6114 मतों से ही संतोष करना पड़ना पड़ा। वह नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष श्वेता झा के पति हैं।
कोडरमा जिले में कोडरमा नगर पंचायत के अध्यक्ष के रूप में साजिद हुसैन निर्वाचित घोषित हुए। उन्होंने राजेश कुमार सिंह को 1195 मतों से पराजित किया। जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी कांति देवी तीसरे स्थान पर रहीं। यहां साजिद हुसैन को 3863, राजेश कुमार सिंह को 2668 और कांति देवी को 2158 वोट मिले।
हजारीबाग में एक हिंदी अखबार के पत्रकार अरविंद राणा ने नगर निगम के महापौर पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रतिद्वंद्वी सरफराज को शिकस्त दी।
राजधानी रांची में भाजपा समर्थित महापौर उम्मीदवार रोशनी खलखो ने कांग्रेस समर्थित रमा खलखो को 14309 वोट से मात दे दी।
उधर साहिबगंज नगर परिषद अध्यक्ष पद पर झारखंड मुक्ति मोर्चा समर्थित रामनाथ पासवान उर्फ छोटू पासवान विजय हुए।
झुमरी तिलैया नगर परिषद में रमेश हर्षधर 729 मतों से विजयी रहे। रमेश हर्षधर को कुल 6972 मत मिले, दूसरे स्थान पर रहे राजेन्द्र जयसवाल को 6243 मत मिले।
वहीं डोमचांच नगर अध्यक्ष प्रत्याशी उमेश वर्मा ने 925 वोट से निकटतम प्रतिद्वंदी पप्पू मेहता को हराया।
उधर पलामू जिले की छतरपुर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में बहुकोणीय मुकाबला हुआ, जो कि अंततः एकतरफा जनादेश में बदल गया। आधिकारिक मतगणना के अनुसार अरविंद गुप्ता उर्फ चुनमुन ने 5293 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए निर्णायक जीत दर्ज की।
जबकि कोडरमा में सभी वार्डों के नतीजे भी घोषित कर दिए गए। वार्ड 1 से सचिन कुमार, वार्ड 2 से रफत शाहीन, वार्ड 3 से रजिया खातून, वार्ड 4 से गुंजा कुमारी, वार्ड 5 से अहमद रजा, वार्ड 6 से रेणु देवी, वार्ड 7 से शाहिद हुसैन, वार्ड 8 से सीमा कुमारी, वार्ड 9 से रंजीत राम, वार्ड 10 से रिया राज, वार्ड 11 से सोनी देवी, वार्ड 12 से रंजीत कुमार, वार्ड 14 से अजीत बरनवाल और वार्ड 15 से सुप्रिया देवी विजयी घोषित किए गए हैं। वार्ड 13 से नारायण यादव पहले ही निर्विरोध निर्वाचित किए जा चुके हैं।
48 शहरी निकाय के लिए हुए थे चुनाव
राज्य के 48 शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) में महापौर और अध्यक्ष के पदों के लिए तथा नौ नगर निगमों, 20 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों के 1,042 वार्डों में पार्षदों के पदों के लिए चुनाव हुए। झारखंड के 48 शहरी स्थानीय निकायों में 1,087 वार्ड हैं, लेकिन 1,042 वार्डों में चुनाव हुए, क्योंकि 41 पार्षद निर्विरोध चुने गए। नामांकन प्राप्त न होने के कारण तीन वार्ड रिक्त रह गए, जबकि मानगो नगर निगम के एक वार्ड में एक उम्मीदवार की मृत्यु के बाद मतदान रद्द कर दिया गया।
महापौर और अध्यक्ष के पदों के लिए 235 महिलाओं सहित कुल 562 उम्मीदवार मैदान में थे, जबकि वार्ड पार्षदों के पदों के लिए 2,727 महिलाओं सहित 5,562 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा।




साइन इन