जातीय जनगणना के बिना परिसीमन स्वीकार नहीं : शाहदेव
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने केंद्रीय मंत्री सोनोवाल के बयानों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जातीय जनगणना के बिना परिसीमन को स्वीकार नहीं करेगी। महिलाओं के आरक्षण का समर्थन करते हुए उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि महिला आरक्षण विधेयक को लागू नहीं किया जा रहा है।

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के बयानों पर पलटवार किया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस और पूरा विपक्ष जातीय जनगणना को पूरा किए बिना परिसीमन की किसी भी कोशिश को कतई स्वीकार नहीं करेगा। उनकी पार्टी हमेशा से ही महिलाओं की भागीदारी की पक्षधर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि पंचायतों में महिलाओं को आरक्षण दिलाने का श्रेय कांग्रेस की पहल को ही जाता है। 2023 में लाया गया महिला आरक्षण विधेयक कांग्रेस के पूर्ण समर्थन से ही सर्वसम्मति से पारित हुआ था, लेकिन इसे अब तक लागू न करने के लिए भाजपा जिम्मेदार है।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने आगे कहा कि सरकार ने उस समय यह तर्क दिया था कि महिला आरक्षण 2029 से लागू होगा, क्योंकि सरकार को उससे पहले जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी करनी है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देशभर में यह दुष्प्रचार किया जा रहा है कि विपक्ष महिला आरक्षण के खिलाफ है, जो कि सरासर गलत और जनता को भ्रमित करने वाला बयान है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन