झारखंड के 20 जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी, लू के बीच IMD ने दी ये गुड न्यूज
राज्य के ज्यादात्तर हिस्सों में बीते कुछ दिनों से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा था। मौसम विभाग (आईएएमडी) ने 30 मई तक राज्य के 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और कहा है कि इस दौरान गरज-चमक देखने को मिल सकती है।

Jharkhand Weather Update: झारखंड में प्रचंड गर्मी का सामने कर रहे लोगों के लिए आने वाले पांच दिन थोड़े राहत भरे हो सकते हैं। झारखंड के ज्यादात्तर हिस्सों में हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है कि क्योंकि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
मौसम विभाग (आईएएमडी) ने 30 मई तक राज्य के 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और कहा है कि इस दौरान गरज-चमक देखने को मिल सकती है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया है कि ‘बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में पहले ही 1 से दो डिग्री की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। ऐसी उम्मीद है कि अगले दो दिनों के दौरान तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है।’
दो निम्न दबाव वाले सिस्टम के सक्रिय
उन्होंने जानकारी दी है कि 'भीषण गर्मी के बीच यह राहत उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर दक्षिणी तटीय ओडिशा तक और दक्षिण बिहार से लेकर उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश तक दो निम्न दबाव वाले सिस्टम के सक्रिय होने के वजह से मिल रही है।'
बीत दो दिन में राज्य का सबसे गर्म इलाका
आपको बता दें कि राज्य के ज्यादात्तर हिस्सों में बीते कुछ दिनों से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा था। डाल्टेनगंज राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा जहां बुधवार को अधिकतम तामपान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि मंगलवार को यह 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
राजधानी में कितना दर्ज हो रहा तापमान?
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी रांची में मंगलवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था लेकिन बुधवार को यह गिरकर 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
लू से बचें
तापमान सामान्य से ऊपर बने रहने के कारण थकावट, मांसपेशियों में ऐंठन, शरीर में पानी की कमी, सुस्ती और शरीर में जरूरी पोषक तत्व का संतुलन बिगड़ने से लू मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। ऐसे में दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच बाहर निकलने से बचें, ढीले सूती कपड़े पहनें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। सिर्फ सादा पानी पर निर्भर रहने के बजाय इलेक्ट्रोलाइट युक्त तरल पदार्थ, ओआरएस, नींबू पानी, सूप और मौसमी फलों के रस का सेवन करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन