रांची में भीख मंगवाने वाले बच्चा चोर गैंग का भंडाफोड़; 12 मासूम बरामद, 16 अरेस्ट
रांची पुलिस ने एक बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के कब्जे से 12 बच्चों को बचाया गया है। इस गैंग के तार कई राज्यों से जुड़े हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

रांची पुलिस ने बच्चों की चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 12 बच्चों को सुरक्षित बरामद किया है। यह गिरोह पिछले 10 साल से बच्चा चोरी और उन्हें बेचने के धंधे में लगा था। गिरोह के तार बिहार, ओडिशा, बंगाल और यूपी तक फैले हैं। धुर्वा इलाके से 2 बच्चों के लापता होने के बाद पुलिस ऐक्शन में गिरोह का खुलासा हुआ। पुलिस की स्पेशल टीम गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
अंश और अंशिका के लापता होने के बाद ऐक्शन
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रांची के धुर्वा से अंश और अंशिका के लापता होने के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर छापेमारी की। रांची पुलिस की ओर से कई जिलों और राज्यों में छापे मारे गए। इस कार्रवाई के दौरान एक बड़े बच्चा चोर गिरोह का पता चला। इस गिरोह की पहचान गुलगुलिया गैंग के रूप में हुआ है। यह गिरोह पिछले दस वर्षों से बच्चों की चोरी के अपराध में शामिल है।
कई बच्चों को बेच चुका है गिरोह
पुलिस अधिकारियों ने पीसी में बताया कि गुलगुलिया गैंग अब तक कई बच्चों को बेच चुका है। इस गिरोह के तार बिहार, ओडिशा, बंगाल और उत्तर प्रदेश से जुड़े पाए गए हैं। एसएसपी ने जानकारी दी कि गिरोह के बाकी सदस्यों को पकड़ने के लिए पुलिस की एक स्पेशल टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि जल्द इस गिरोह में शामिल सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
विरोधी खेरवार ऊर्फ अनुराग( रामगढ़), अंथोनी खरवार( रामगढ़), प्रमोद कुमार( सिल्ली), आशिक गोप( सिल्ली) राज रवानी( लातेहार), नव खेरवार( पुरुलिया), सोनी कुमारी( रामगढ़), चांदनी देवी( रामगढ़), सीता देवी( लातेहार) दीनू भुइयां( लातेहार) संन्यासी खेरवार ( रामगढ़), मालिन देवी( रामगढ़), बेबी देवी( सिल्ली) सोनिया देवी, उपैइया खेरवार( लातेहार) ।
बच्चों से भीख मंगाता और बच्चियों से देह व्यापार कराता है गिरोह
पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि बचाए गए बच्चों को बोकारो, धनबाद, चाईबासा और रांची से चोरी किया गया था। फिलहाल इन सभी बच्चों को धुर्वा थाने में रखा गया है। रांची पुलिस बरामद किए बच्चों के असली माता-पिता की तलाश कर रही है। एसएसपी ने बताया कि बच्चों के असली परिजनों की सही पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस उनका डीएनए टेस्ट भी कराएगी। यह गैंग बच्चों से भीख मांगने, पॉकेट मारी और बच्चियों से देह व्यापार कराता है।




साइन इन