झारखंड में 15 साल की बेटी ने मां के साथ लगाई फांसी, पिता ने आत्महत्या की क्या वजह बताई?
घर के आंगन में फांसी के फंदे से लाश लटकी मिली, तो घर वालों के होश उड़ गए। मृतक महिला के पति ने बताया कि वो काफी दिनों से काफी परेशान थी। जानिए इसके पीछे क्या वजह बताई?

झारखंड के गिरिडीह से मां-बेटी द्वारा आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेटी नाबालिग है, उसकी उम्र 15 साल बताई गई है। घर के आंगन में फांसी के फंदे से लाश लटकी मिली, तो घर वालों के होश उड़ गए। मृतक महिला के पति ने बताया कि उसकी पत्नी ने लोन लिया था, जिसके चलते उसे फोन कॉल आ रहे थे। वो काफी दिनों से काफी परेशान थी।
परिवार से छिपाकर लिया था लोन
मृतक महिला का नाम पुतुल देवी (35) है। उसकी 15 साल की बेटी का नाम स्नेहा कुमारी है। मृत महिला के पति टेंपो ड्राइवर हैं। स्नेहा 10वीं की छात्रा है। बताया जा रहा है कि वो पढ़ाई में अच्छी थी, फिर इस तरह से आत्महत्या कर लेने की बात से हर कोई हैरान है। परिजनों ने बताया कि पुतुल ने किसी महिला स्वंय सहायता समूह से लोन लिया था। इसकी जानकारी परिवार को भी नहीं थी।
किस्त, लोन, फोन, और फिर…
पुतुल को लोन की किस्तों को लेकर फोन आ रहे थे। इसके चलते वो काफी परेशान रहती थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, परिजनों का कहना है कि कभी-कभी वो इतना परेशान हो जाती थी कि रोने भी लगती थी। हालांकि इस बीच उन्होंने अपनी समस्याओं को कभी किसी के साथ साझा नहीं किया। सोमवार सुबह जब काफी देर हुई और घर का दरवाजा नहीं खुला, तो सबको शक हुआ।
परिवार, मोहल्ले में पूछताछ जारी
जब दरवाजा खोला गया, तो मां-बेटी फांसी के फंदे से लटकी थीं। ये देखकर हर कोई हैरान रह गया। चारों तरफ मौत की खबर फैलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फिलहाल पुलिस परिजनों और आस-पास के इलाके में पूछताछ कर रही है और आत्महत्या के असली वजह को जानने में जुटी है।




साइन इन